रांची : डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU) में विभिन्न शैक्षणिक मांगों को लेकर चल रहा छात्र आंदोलन गुरुवार को एक बार फिर विवाद में बदल गया। सीट घटाने, क्लस्टर सिस्टम, स्मार्ट क्लासरूम समेत अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्र संगठनों और विश्वविद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। कुछ समय के लिए परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया, जिसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन को पुलिस बल बुलाना पड़ा।
Read More : गिरिडीह संसदीय क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिछेगी फोर लेन सड़कों का जाल : चंद्र प्रकाश
घटनाक्रम के दौरान रांची के सिटी एसपी स्वयं विश्वविद्यालय पहुंचे और दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति सामान्य कराने का प्रयास किया। फिलहाल परिसर में पुलिस बल तैनात है और छात्र संगठनों तथा विश्वविद्यालय प्रबंधन के बीच वार्ता जारी है।
शिक्षक-कर्मचारियों ने किया पेन डाउन, कुलपति कार्यालय के बाहर धरना
शिक्षकों और कर्मचारियों ने अपनी नाराजगी जताते हुए पेन डाउन स्ट्राइक शुरू कर दी और कुलपति कार्यालय के मुख्य गेट के सामने धरने पर बैठ गए। उनका आरोप है कि बाहरी छात्र लगातार परिसर में आकर हंगामा करते हैं, जिससे पढ़ाई और प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उनका कहना है कि बार-बार होने वाले प्रदर्शनों से विश्वविद्यालय का शैक्षणिक माहौल बिगड़ रहा है। धरने की सूचना मिलने पर विभिन्न छात्र संगठनों के सदस्य भी वहां पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की में बदल गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन तनाव बना रहा।
छात्र संगठनों ने कर्मचारी पर लगाया आरोप
छात्र संगठनों का आरोप है कि विश्वविद्यालय के एक कर्मचारी ने उनके साथ हाथापाई की। उन्होंने संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई और इस्तीफे की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा तथा सड़क से लेकर विश्वविद्यालय परिसर तक विरोध प्रदर्शन होगा। दूसरी ओर शिक्षकों और कर्मचारियों का कहना है कि उनका उद्देश्य केवल विश्वविद्यालय में शैक्षणिक वातावरण बनाए रखना है। उनका आरोप है कि लगातार हो रहे प्रदर्शनों से पढ़ाई और प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
प्रशासन और छात्र संगठनों के बीच वार्ता जारी
विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर डॉ. अजय चौधरी ने कहा कि कुछ छात्र लगातार अनुशासनहीनता कर विश्वविद्यालय की व्यवस्था बाधित करने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं छात्र संगठनों का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन मनमाने ढंग से निर्णय ले रहा है और उनकी समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रांची के सिटी एसपी विश्वविद्यालय पहुंचे और दोनों पक्षों से संयम बरतने की अपील की। उनकी पहल पर विश्वविद्यालय प्रबंधन और छात्र संगठनों के प्रतिनिधियों के बीच बातचीत शुरू हुई। फिलहाल परिसर में पुलिस बल तैनात है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
उल्लेखनीय है कि पिछले कई दिनों से विभिन्न छात्र संगठन सीट घटाने, क्लस्टर सिस्टम समाप्त करने, स्मार्ट क्लासरूम की व्यवस्था और अन्य शैक्षणिक मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। इससे पहले भी दो दिन पूर्व छात्रों ने कुलपति कार्यालय का घेराव करने का प्रयास किया था, जिसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर स्थिति नियंत्रित की थी।



