रांची रेलवे स्टेशन पर 12 किलो गांजा बरामद, ऑपरेशन नारकोस में तस्कर गिरफ्तार

रेलवे सुरक्षा बल (RPF) रांची और आरपीएफ फ्लाइंग टीम ने ऑपरेशन "नारकोस" के तहत रांची रेलवे स्टेशन पर संयुक्त जांच अभियान चलाकर 12 किलोग्राम गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।
रांची रेलवे स्टेशन

रांची : रेलवे सुरक्षा बल (RPF) रांची और आरपीएफ फ्लाइंग टीम ने ऑपरेशन “नारकोस” के तहत रांची रेलवे स्टेशन पर संयुक्त जांच अभियान चलाकर 12 किलोग्राम गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजा की अनुमानित बाजार कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी रांची के हवाले कर दिया गया है।

Read More : चतरा-डोभी मार्ग पर युवक का शव बरामद, हत्या की आशंका में परिजनों का सड़क जाम

सोमवार को चलाए गए इस विशेष अभियान का नेतृत्व आरपीएफ पोस्ट रांची के निरीक्षक शिशुपाल कुमार ने किया। जांच के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-1 स्थित वीआईपी गेट के पास एक युवक काले और हरे रंग का स्काई बैग लेकर बैठा मिला। जांच दल को देखकर उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उसे रोककर पूछताछ की गई।

बैग की तलाशी में मिला 12 किलो गांजा

पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान बृजराज यादव (19 वर्ष), पिता निवास यादव, निवासी ग्राम मटियारवा, थाना पदरौना, जनपद कुशीनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में बताई। बैग के बारे में पूछने पर उसने स्वीकार किया कि उसमें गांजा रखा हुआ है। सूचना मिलने पर सहायक सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ प्रताप सिंह नेगी मौके पर पहुंचे। एनडीपीएस अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बैग से चार पैकेट बरामद हुए, जिनमें कुल 12 किलोग्राम गांजा मिला।

ओडिशा से गोरखपुर ले जा रहा था गांजा

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मेहंदी अंसारी ने उसे संताला (ओडिशा) से गोरखपुर तक गांजा पहुंचाने का काम दिया था। इसके बदले उसे प्रति किलोग्राम 1,000 रुपये देने का वादा किया गया था। आरोपी के अनुसार, रांची रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की जांच शुरू होते ही मेहंदी अंसारी मौके से फरार हो गया। बरामद गांजा को जब्त कर सील कर दिया गया है। इसके बाद आरोपी और जब्त मादक पदार्थ को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी रांची को सौंप दिया गया। इस अभियान में आरपीएफ पोस्ट रांची के पोस्ट कमांडर शिशुपाल कुमार, उपनिरीक्षक पवन कुमार, उपनिरीक्षक अजीत कुमार तथा आरपीएफ फ्लाइंग टीम के आरक्षक दिलीप कुमार जितरवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.