नई दिल्ली : दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से शुक्रवार को कांग्रेस के राज्यसभा सांसद पवन खेड़ा ने मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने वांगचुक और उनके साथ अनशन कर रहे साथियों से अपनी जान जोखिम में न डालने और भूख हड़ताल समाप्त करने की अपील की।
Read More : पश्चिम बंगाल में बड़ा रेल हादसा, स्कूल वैन ट्रेन से टकराई, तीन लोगों की मौत
पवन खेड़ा ने जताई चिंता
पवन खेड़ा ने कहा कि गुरुवार को कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी चिंता व्यक्त की थी। उन्होंने कहा था कि किसी असंवेदनशील सरकार के विरोध में ऐसा तरीका नहीं अपनाना चाहिए, जिससे आंदोलनकारियों की जान पर बन आए। खेड़ा ने कहा कि वह इसी संदेश के साथ सोनम वांगचुक से मिलने पहुंचे और उनसे आग्रह किया कि वे अपनी जान खतरे में न डालें, क्योंकि लोकतांत्रिक विरोध को सरकार गंभीरता से नहीं सुन रही है।
केजरीवाल ने भी दिया समर्थन
इससे पहले गुरुवार को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भी जंतर-मंतर पहुंचे थे। उन्होंने आंदोलन को समर्थन देते हुए देश की शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली में सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया। केजरीवाल ने कहा कि सोनम वांगचुक अपने लिए नहीं, बल्कि देश के युवाओं और छात्रों के भविष्य के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक के मामलों से युवाओं का शिक्षा व्यवस्था पर भरोसा कमजोर हुआ है और इससे उनके भविष्य पर भी असर पड़ रहा है।




