रांची/ धनबाद। निरसा स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय, बेनागोड़िया के छात्रावास में 10वीं कक्षा के एक छात्र के साथ कथित तौर पर बर्बर मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि विद्यालय के ही पांच छात्रों ने देर रात छात्र के हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए, मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और बेल्ट से बेरहमी से पिटाई की। इतना ही नहीं, पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया और पीड़ित को किसी से शिकायत नहीं करने की धमकी दी गई।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्र सुमित कुमार दास मंगलवार रात अपने हॉस्टल के कमरे में था। इसी दौरान मोबाइल से पैसे ट्रांसफर करने को लेकर साथ पढ़ने वाले छात्रों से विवाद हो गया। आरोप है कि रात करीब दो बजे विशाल कुमार, अनिकेत कुमार, नमन राज, लक्ष्मण कुमार महतो और अभिजीत सिंह ने सुमित के कपड़े उतरवाए, हाथ-पैर बांध दिए और बेल्ट से जमकर पिटाई की। आरोपियों ने उससे जबरन उठक-बैठक भी कराई और जख्मों पर नमक भी रगड़ा।
बताया जा रहा है कि आरोपी छात्रों ने पूरी घटना का वीडियो भी बनाया और पीड़ित को डराया-धमकाया कि वह किसी को इसकी जानकारी न दे। दहशत में छात्र दो दिनों तक चुप रहा और स्कूल की नर्स से दवा लेकर काम चलाता रहा।
बाद में तबीयत बिगड़ने पर सुमित ने अपने परिजनों को फोन कर पूरी घटना बताई। सूचना मिलते ही परिजन विद्यालय पहुंचे, जिसके बाद मामला स्कूल प्रबंधन के संज्ञान में आया। छात्र को पहले पांडरा उप-स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए एसएनएमएमसीएच, धनबाद रेफर कर दिया गया।
विद्यालय के प्रबंधक सीके यादव ने बताया कि स्कूल में छात्रों को मोबाइल रखने की अनुमति नहीं है, फिर भी कई बार अभिभावक चोरी-छिपे बच्चों को मोबाइल दे देते हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच के लिए एक समिति गठित कर दी गई है और दोषी पाए जाने वाले छात्रों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने बताया कि विद्यालय और छात्रावास में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाती है, हालांकि गोपनीयता के कारण कक्षाओं में कैमरे नहीं लगाए गए हैं।




