पटना : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में सोमवार को उस समय बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला, जब जनशक्ति जनता दल (JJD) की प्रत्याशी वीणा मानवी को नामांकन पत्र दाखिल करने के तुरंत बाद पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पटना कलेक्ट्रेट परिसर में हुई इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई। पुलिस ने फिलहाल गिरफ्तारी के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की है।
Read More : घर के फर्श के नीचे छिपा था मौत का डेरा, खुदाई में निकले 36 से ज्यादा जहरीले सांप
वीणा मानवी को जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजप्रताप यादव ने बांकीपुर उपचुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है। उनकी बेटी प्रार्थना ने बताया कि परिवार को गिरफ्तारी की वजह की जानकारी नहीं है और यह भी स्पष्ट नहीं है कि पुलिस ने किस मामले में कार्रवाई की है। वीणा मानवी को हाल ही में पार्टी ने इस हाई-प्रोफाइल उपचुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित किया था।
तेजप्रताप यादव ने कार्रवाई पर उठाए सवाल
वीणा मानवी की गिरफ्तारी पर तेजप्रताप यादव ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि उनकी पार्टी की उम्मीदवार को झूठे मामले में फंसाकर चुनावी प्रक्रिया प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा हुआ है तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। तेजप्रताप ने कहा कि उनकी पार्टी वीणा मानवी के साथ मजबूती से खड़ी है और आवश्यकता पड़ने पर न्यायालय का दरवाजा खटखटाया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि बांकीपुर की जनता सत्य और न्याय के साथ खड़ी है तथा सच्चाई की जीत होगी।
सरकार के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी
तेजप्रताप यादव ने कहा कि वह फिलहाल दिल्ली में हैं, लेकिन बिहार लौटने के बाद सरकार का घेराव करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी उम्मीदवार के खिलाफ साजिश रची गई है और उनकी लोकप्रियता से घबराकर उन्हें जानबूझकर फंसाया गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि कार्रवाई नामांकन के दिन ही क्यों की गई। तेजप्रताप ने कहा कि पार्टी इस पूरे मामले को लेकर अदालत का रुख करेगी और प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपना पक्ष सार्वजनिक करेगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनकी उम्मीदवार चुनाव जीत रही हैं और जनता का समर्थन उनके साथ है।




