रांची : विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर रांची के बीएनआर होटल में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि अब जनसंख्या को केवल संख्या या बोझ के रूप में नहीं, बल्कि राज्य और देश की सबसे बड़ी पूंजी तथा जनशक्ति के रूप में देखने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं, तो यही जनसंख्या विकसित झारखंड और विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत बनेगी।
Read More : देवघर श्रावणी मेले की तैयारी तेज, बाबा मंदिर में मोबाइल प्रतिबंध की तैयारी
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि “जनसंख्या नहीं, जनशक्ति बने झारखंड की पहचान” केवल एक नारा नहीं, बल्कि राज्य सरकार की कार्यनीति है। सरकार गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने, माताओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए लगातार कार्य कर रही है।
सभी जिलों में बनेंगे मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल
डॉ. अंसारी ने कहा कि राज्य के सभी जिलों में अत्याधुनिक मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल विकसित किए जाएंगे। इन अस्पतालों में सुरक्षित प्रसव, नवजात शिशुओं की विशेष देखभाल, महिलाओं के लिए विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं और आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी आएगी और महिलाओं को अपने जिले में ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
Read More : रांची समेत कई जिलों में बारिश के आसार, विभाग ने जारी किया अलर्ट
उन्होंने कहा कि झारखंड एक युवा राज्य है, जहां बड़ी आबादी 35 वर्ष से कम आयु की है। यदि युवाओं को बेहतर शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण, आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं और रोजगार उपलब्ध कराया जाए तो झारखंड देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो सकता है।
स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर जोर
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि परिवार कल्याण का उद्देश्य केवल जनसंख्या नियंत्रण नहीं, बल्कि प्रत्येक परिवार को स्वस्थ, शिक्षित, सुरक्षित और समृद्ध बनाना है। महिलाओं को सशक्त बनाना, किशोर-किशोरियों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना, आधुनिक परिवार नियोजन सेवाओं की आसान उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा गर्भवती महिलाओं को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि राज्य में नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, अस्पतालों का विस्तार, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति, डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और ग्रामीण क्षेत्रों तक विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।
Read More : राहे में डालसा का विधिक जागरूकता कार्यक्रम, मानव तस्करी पर किया गया जागरूक
डॉ. अंसारी ने कहा कि सीएम हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। हाल ही में गूगल के साथ हुए समझौते से डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी और युवाओं के लिए तकनीक आधारित रोजगार एवं कौशल विकास के नए अवसर खुलेंगे।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री के नेतृत्व में राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि विभाग की पूरी टीम राज्य के प्रत्येक जिले और गांव तक बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन निदेशक शशि प्रकाश झा, स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, सहिया बहनें, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Read More : बाबा टांगीनाथ धाम में मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने की पूजा, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के दिए निर्देश




