धनबाद। जिले में चोरों ने एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए ज्वेलरी दुकान में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। बदमाशों ने मुख्य दरवाजे से प्रवेश करने के बजाय पड़ोस की दुकान का रास्ता चुना। दीवार काटकर ज्वेलरी शॉप में दाखिल हुए और लगभग ढाई से तीन लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। इतना ही नहीं अपने पीछे कोई डिजिटल सबूत न छूटे इसके लिए दुकान में लगा सीसीटीवी डीवीआर भी साथ ले गए। घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
सदर थाना क्षेत्र के पॉलिटेक्निक रोड स्थित मधु लक्खी ज्वेलर्स में शनिवार देर रात चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। दुकान के संचालक तेतुलमारी निवासी नीलकंठ वर्मा पिछले करीब दो दशक से आभूषण का कारोबार कर रहा है। सुबह जब दुकान खोली गई तो अंदर का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए। दुकान मालिक के अनुसार चोर पहले बगल में स्थित कारपेंटर की दुकान में घुसा था।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बारीकी से निरीक्षण की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरी में शामिल अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल इस वारदात के बाद इलाके के व्यापारियों में दहशत का माहौल है और बाजार क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है। वहीं मामले को लेकर धनबाद थाना प्रभारी मनोज पांडेय ने कहा कि पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।




