श्रीनगर : अमरनाथ गुफा में स्थित पवित्र हिम शिवलिंग के इस वर्ष तेजी से पिघलने की खबरों ने श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ा दी है। मई में इसकी ऊंचाई करीब 7 फीट बताई गई थी, जो जून के अंत तक घटकर लगभग 5 फीट रह गई। अब ताजा जानकारी के अनुसार हिम शिवलिंग की ऊंचाई करीब 1 फीट रह गई है।
Read More : अहमदाबाद सीरियल ब्लास्ट केस में गुजरात हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, 38 को फांसी की सजा बरकरार
श्रद्धालुओं के अनुसार प्राकृतिक रूप से बनने वाला यह हिम शिवलिंग आस्था का प्रमुख केंद्र है। इसकी ऊंचाई में तेजी से आई कमी को लेकर श्रद्धालुओं के बीच चिंता बनी हुई है। अमरनाथ यात्रा 57 दिनों तक चलती है और हर वर्ष लाखों श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
बिना पंजीकरण पहुंचे 5 हजार श्रद्धालु लखनपुर में रोके गए
अमरनाथ यात्रा के लिए अब केवल पंजीकरण कराने वाले श्रद्धालुओं को ही जम्मू-कश्मीर में प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। प्रशासन ने बिना पंजीकरण पहुंचे श्रद्धालुओं को राज्य के प्रवेशद्वार लखनपुर में रोकना शुरू कर दिया है। रविवार शाम तक करीब 5 हजार श्रद्धालुओं को लखनपुर यात्रा रिसेप्शन सेंटर पर रोका जा चुका था। कई श्रद्धालुओं को यात्रा दोबारा योजना बनाकर आने की सलाह देते हुए वापस भी भेजा गया।
Read More : चातुर्मास 2026 : 25 जुलाई से शुरू होंगे 4 पवित्र महीने, जानें क्या करें और क्या नहीं
प्रशासन के अनुसार बिना पंजीकरण पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, जबकि तत्काल पंजीकरण के लिए स्लॉट उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में केवल अग्रिम पंजीकरण कराने वाले श्रद्धालुओं को ही लखनपुर में जांच, आरएफआईडी और ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था के बीच जम्मू की ओर रवाना किया जा रहा है।
सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष जोर
देशभर से यात्रा की उम्मीद लेकर पहुंचे कई श्रद्धालुओं को पंजीकरण नहीं होने के कारण निराश लौटना पड़ा। प्रशासन की ओर से उन्हें पंजीकरण उपलब्ध होने के बाद ही यात्रा करने की सलाह दी जा रही है। इस बीच, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार को चंदनवाड़ी और नुनवान का दौरा किया। उन्होंने नुनवान बेस कैंप में श्री अमरनाथ यात्रा की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
Read More : राम मंदिर ट्रस्ट का बड़ा फैसला, चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्रा का इस्तीफा स्वीकार




