रांची : राजधानी में स्कूल आने-जाने वाली छात्राओं की सुरक्षा को लेकर झारखंड पैरेंट्स एसोसिएशन ने पुलिस प्रशासन से विशेष व्यवस्था करने की मांग की है। एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने रांची के SSP से आग्रह किया है कि स्कूल खुलने और छुट्टी होने के समय शहर के प्रमुख शैक्षणिक क्षेत्रों में पुलिस गश्ती बढ़ाई जाए। अजय राय के अनुसार, शहर के अलग-अलग इलाकों में स्कूल आने-जाने वाली छात्राओं के साथ मनचलों और रोड रोमियो द्वारा पीछा करने, अशोभनीय टिप्पणी करने, फब्तियां कसने और छेड़खानी की शिकायतें सामने आ रही हैं। इससे छात्राओं के साथ उनके अभिभावक भी चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि बेटियां बेहतर शिक्षा हासिल करने के लिए घर से स्कूल जाती हैं। ऐसे में रास्ते में उन्हें डर, असुरक्षा और छेड़खानी का सामना करना पड़े, यह बेहद चिंताजनक है। किसी भी छात्रा को शिक्षा के लिए भय के माहौल से गुजरना पड़े, यह स्वीकार नहीं किया जा सकता।
Read More : कोडरमा-गिरिडीह रोड पर भीषण हादसा, दो की मौत
इन इलाकों में विशेष पुलिस निगरानी की मांग
अजय राय ने SSP के सामने रांची के प्रमुख शैक्षणिक क्षेत्रों में विशेष निगरानी और पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग रखी है। इनमें लालपुर, डोरंडा, हरमू, अरगोड़ा, रातू रोड, बरियातू, कांके रोड, मोरहाबादी, मेन रोड, धुर्वा, हटिया और कोकर समेत शहर के अन्य इलाके शामिल हैं। उन्होंने प्रमुख स्कूलों के आसपास सुबह स्कूल खुलने और दोपहर या शाम को छुट्टी के समय नियमित पुलिस गश्ती सुनिश्चित करने की मांग की है। इसके अलावा स्कूलों के आसपास सादे लिबास में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती करने का सुझाव दिया है, ताकि छात्राओं को परेशान करने वाले असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा सके।
बाइक लेकर खड़े रहने वाले संदिग्ध युवकों की हो जांच
अजय राय ने स्कूलों के आसपास अनावश्यक रूप से बाइक लेकर खड़े रहने वाले और छात्राओं का पीछा करने वाले संदिग्ध युवकों की जांच करने की मांग की है। उन्होंने स्कूल प्रबंधन और स्थानीय पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया। उनका कहना है कि शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। इसके साथ ही संवेदनशील स्कूल मार्गों और चौक-चौराहों पर CCTV कैमरों के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित की जाए।
छात्राओं की सुरक्षा पूरे समाज की जिम्मेदारी : अजय राय
अजय राय ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा केवल पुलिस या स्कूल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल भेजते समय उनकी सुरक्षा को लेकर आश्वस्त रहना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन की सक्रियता से असामाजिक तत्वों में कानून का भय पैदा होगा और छात्राएं बिना किसी डर के अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगी। अजय राय ने SSP से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल विशेष पुलिस गश्ती अभियान शुरू करने और स्कूल खुलने व छुट्टी होने के समय इसकी नियमित मॉनिटरिंग करने का आग्रह किया है। झारखंड पैरेंट्स एसोसिएशन की मांग है कि रांची की हर बेटी को सुरक्षित माहौल मिले और उसकी शिक्षा, सम्मान व सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता न हो।


