पलामू : जिले में किसानों को आधुनिक और वैज्ञानिक खेती के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को मेदिनीनगर के टाउन हॉल में जिला स्तरीय रबी कार्यशाला सह ‘खेत बचाओ अभियान’ का आयोजन किया गया। कृषि विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त सादात अनवर, जिला कृषि पदाधिकारी दीपक कुमार और अन्य अतिथियों ने किया। मौके पर पशुपालन, मत्स्य एवं सहकारिता विभाग के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
Read More : सिल्ली में वीर बुली महतो की जयंती मनी, सुदेश महतो बोले- इतिहास में दिलाएंगे उचित सम्मान
कार्यशाला में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए प्रखंड कृषि पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में किसानों ने हिस्सा लिया। विशेषज्ञों ने किसानों को मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने, रासायनिक खादों का संतुलित इस्तेमाल करने और जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की जानकारी दी।
रबी फसलों की उन्नत खेती के बताए तरीके
कार्यशाला में कृषि वैज्ञानिकों ने रबी मौसम की प्रमुख फसलों गेहूं, चना, मसूर, सरसों और मक्का की उन्नत खेती के तरीकों से किसानों को अवगत कराया। उन्होंने बेहतर उत्पादन के लिए बीजोपचार, प्राकृतिक खेती और हरी खाद के इस्तेमाल पर जोर दिया। किसानों को संतुलित उर्वरक के उपयोग के साथ कम पानी में अधिक उत्पादन लेने के तरीके भी बताए गए। इसके लिए ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई पद्धति अपनाने की सलाह दी गई।
किसानों के बीच बीज और स्वीकृति पत्र का वितरण
कार्यशाला के दौरान विभिन्न सरकारी कृषि योजनाओं के तहत चयनित लाभुकों को कृषि सामग्री और योजनाओं का लाभ दिया गया। इसके तहत 10 प्रगतिशील किसानों को उन्नत प्रभेद के सरसों बीज वितरित किए गए। वहीं, दो किसानों को सूक्ष्म सिंचाई योजना और एक किसान को किसान समृद्धि योजना का लाभ दिया गया। इसके अलावा एक किसान को किसान क्रेडिट कार्ड का स्वीकृति पत्र भी सौंपा गया।
मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने पर जोर
कार्यशाला के माध्यम से किसानों को आधुनिक और वैज्ञानिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही उत्पादन बढ़ाने के साथ मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और खेती में उपलब्ध संसाधनों का संतुलित उपयोग करने के प्रति जागरूक किया गया।



