राज्यपाल संतोष गंगवार का बड़ा संदेश, 2050 तक आत्मनिर्भर बनेगा झारखंड

रांची : झारखंड को वर्ष 2050 तक विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य बनाने के लिए अभी से ठोस योजना तैयार करनी होगी। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने शुक्रवार को होटल बीएनआर चाणक्य, रांची में आयोजित ‘झारखंड चर्चा 2026’ को संबोधित करते हुए यह बात कही।

राज्यपाल

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : झारखंड को वर्ष 2050 तक विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य बनाने के लिए अभी से ठोस योजना तैयार करनी होगी। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने शुक्रवार को होटल बीएनआर चाणक्य, रांची में आयोजित ‘झारखंड चर्चा 2026’ को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने राज्य के विकास के लिए स्पष्ट और व्यावहारिक रोडमैप तैयार कर सरकार को अवगत कराने का आह्वान किया। राज्यपाल ने कहा कि झारखंड का गठन वर्ष 2000 में हुआ था। अब समय है कि गहन आत्ममंथन करते हुए वर्ष 2050 तक राज्य को विकसित बनाने का संकल्प लिया जाए। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए सरकार, निजी क्षेत्र, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों को मिलकर काम करना होगा। विकास के सभी क्षेत्रों में संतुलन, समावेशिता और स्थिरता पर ध्यान देना जरूरी है।

Read More : बिहार बालू घोटाले की जांच झारखंड पहुंची, चतरा में तीन ठिकानों पर छापेमारी

2047 के विकसित भारत में झारखंड की अहम भूमिका

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस लक्ष्य को पूरा करने में झारखंड की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध खनिज एवं वन संपदा और गौरवशाली जनजातीय संस्कृति झारखंड की बड़ी ताकत हैं। राज्य में विकास की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। जरूरत है कि उपलब्ध संसाधनों, स्थानीय कौशल और प्रतिभा का बेहतर इस्तेमाल कर इन संभावनाओं को उपलब्धियों में बदला जाए। इसके लिए निवेश, आधुनिक तकनीक और नवाचार को बढ़ावा देना होगा। साथ ही उद्योगों का विकास और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करना जरूरी है। प्राकृतिक संसाधनों के इस्तेमाल के साथ पर्यावरण संरक्षण के बीच भी संतुलन बनाए रखना होगा।

पर्यटन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर दिया जोर

राज्यपाल ने कहा कि झारखंड में पर्यटन के क्षेत्र में रोजगार और आय के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं। इसके लिए जलप्रपातों, पहाड़ियों, वन क्षेत्रों, जनजातीय जीवनशैली, पारंपरिक कला और हस्तशिल्प को बढ़ावा देना होगा। उन्होंने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया। राज्यपाल के अनुसार, कृषि, पशुपालन, वन आधारित उत्पाद, हस्तशिल्प और छोटे उद्यमों को प्रोत्साहित कर ग्रामीण परिवारों की आमदनी बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने विशेष रूप से आदिम जनजातीय समूहों (PVTGs), एकल महिला मुखिया वाले परिवारों और भूमिहीन मजदूरों तक आजीविका के स्थायी अवसर पहुंचाने की जरूरत बताई। महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता और निर्णय प्रक्रिया में उनकी भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया।

शिक्षा, स्वास्थ्य और कौशल विकास को बताया जरूरी

राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और कौशल विकास झारखंड के भविष्य को मजबूत बनाने के प्रमुख आधार हैं। इसके लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रोजगारपरक प्रशिक्षण और ग्रामीण व दूरदराज के क्षेत्रों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, स्थानीय समुदायों की भागीदारी और नियमित मूल्यांकन सुनिश्चित करना होगा।

पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों के अनुभव होंगे उपयोगी

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के राज्यों के बीच विकास से जुड़े अनुभवों और सफल नवाचारों का आदान-प्रदान सभी के लिए लाभकारी हो सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि ‘झारखंड चर्चा 2026’ में होने वाला विचार-विमर्श राज्य के विकास की भावी दिशा तय करने में मददगार साबित होगा। साथ ही वर्ष 2050 के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए एक व्यावहारिक विकास रोडमैप तैयार करने में भी यह चर्चा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *