रांची: सिमडेगा से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ दुष्कर्म के आरोपों से संबंधित खबर सामने लाने वाले पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी को लेकर झारखंड की राजनीति गरमा गई है नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने पत्रकार की गिरफ्तारी पर सरकार को घेरते हुए पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सीएम हेमंत सोरेन से विधायक भूषण बाड़ा का नार्को टेस्ट कराने की मांग की है, ताकि मामले की सच्चाई सामने आ सके।
बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सवाल उठाया है कि जब मामला एक आदिवासी बेटी से जुड़े कथित दुष्कर्म के आरोपों का है, तो आरोपी विधायक के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय इस प्रकरण को सार्वजनिक करने वाले पत्रकार को गिरफ्तार क्यों किया गया? उन्होंने कहा कि पुलिस की इस कार्रवाई से निष्पक्ष जांच और न्याय व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मरांडी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सवाल उठाने और सच्चाई सामने लाने वालों को कार्रवाई का सामना करना पड़े, यह बेहद चिंताजनक है। सरकार को पुलिसिया कार्रवाई के जरिए जनता की आवाज दबाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि पूरे मामले में सच्चाई सामने आएगी और सरकार की कथित साजिश का पर्दाफाश होगा।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि वे इस मामले में सच और न्याय की आवाज उठाते रहेंगे। आदिवासी बेटी को न्याय दिलाने की लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने सीएम से मांग की कि यदि सरकार वास्तव में पूरे प्रकरण की निष्पक्षता से जांच कर सच्चाई सामने लाना चाहती है, तो विधायक भूषण बाड़ा का नार्को टेस्ट कराया जाए।
also read :सौरव दास के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया’, केंद्र सरकार ने दिल्ली हाईकोर्ट को बताया



