रांची: झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दो दिवसीय विशेष सत्र के दूसरे दिन भी गुरुवार विभिन्न मुद्दों पर सदन के बाहर भाजपा-आजसू के विधायकों ने तख्ती बैनर के साथ प्रदर्शन किया। बीजेपी ने कई मुद्दों पर कड़ा विरोध प्रदर्शन किया, जिनमें एक नाबालिग के यौन शोषण के मामले में (जिसमें कथित तौर पर सिमडेगा के विधायक का नाम आ रहा है) एक पत्रकार की गिरफ्तारी, विधवाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगों को पेंशन न मिल पाना, और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी चिंताएं शामिल हैं।
जनता को गुमराह किया जा रहा हैः बाबूलाल मरांडी
पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में चंपई सोरेन, डॉ नीरा यादव समेत सभी विपक्षी विधायकों ने पत्रकार की गिरफ्तारी को संविधान विरोधी करार दिया। इस दौरान नेता-प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा झारखंड में लूट का एक तंत्र बनाने कि कोशिश की जा रही है। राज्य में MMDR (Mines and Minerals (Development and Regulation) Act) से स्थानीय लोगों को फायदा होगा। लेकिन सरकार इसे अलग तरीके से पेश कर रही है और माहौल बना कर जनता को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि साथ ही छात्रों के मुद्दे पर सरकार को विशेष सत्र लेकर चर्चा करने की जरुरत थी। लेकिन यहां अपना माहौल बनाने के लिए स्पेशल सत्र बुला लिया गय। राज्य में अराजकता जैसा माहौल है. एक गंभीर मामले के आरोपी को बचाने के लिए पुलिस ने पत्रकार को गिरफ्तार कर लिया.
MMDR के द्वारा लोगों को हक और अधिकार मिलेगाः मरांडी
पूर्व सीएम चंपाई सोरेन ने कहा कि झारखंड में आदिवासी के हक और अधिकार को कुचलने की कोशिश राज्य सरकार कर रही है। लोगों को योजना बंद होने के नाम पर गुमराह किया जा रहा है। लेकिन क्या खनिज के पैसे से ही योजना चलाई जाती है। केंद्र सरकार ने राज्य के विकास और स्थानीय लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए MMDR (खान और खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम) लेकर आई है। जिससे राज्य के लोगों को हक और अधिकार मिल सके और खनिज के पैसे की लूट बंद हो सके।

