रांची: रांची नगर निगम द्वारा महिला स्वयं सहायता समूहों को आत्मनिर्भर बनाने एवं शहर में पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नागा बाबा सब्जी बाजार में बायोडिग्रेडेबल पॉलीबैग निर्माण इकाई स्थापित की गई है। नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने बुधवार काे उक्त इकाई का निरीक्षण कर इसकी कार्यप्रणाली एवं संचालन की तैयारियों का जायजा लिया।
इस पहल के माध्यम से महिलाओं को केवल रोजगार का अवसर ही नहीं, बल्कि स्वयं इकाई का संचालन कर उद्यमी बनने का अवसर भी मिल रहा
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने इकाई में कार्यरत स्वयं सहायता समूह की 15 महिलाओं से संवाद किया तथा मशीन संचालन के लिए चल रहे प्रशिक्षण, पॉलीबैग निर्माण की प्रक्रिया, उत्पादन एवं उत्पादों की बिक्री से संबंधित योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से महिलाओं को केवल रोजगार का अवसर ही नहीं, बल्कि स्वयं इकाई का संचालन कर उद्यमी बनने का अवसर भी मिल रहा है। उत्पादन से लेकर प्रबंधन एवं विपणन तक की जिम्मेदारी महिलाएं स्वयं संभालेंगी, जिससे उनकी आर्थिक आत्मनिर्भरता के साथ उद्यमिता एवं व्यावसायिक कौशल को भी बढ़ावा मिलेगा।
स्थापित मशीन की उत्पादन क्षमता लगभग 40 किलोग्राम पॉलीबैग प्रति घंटे
इस इकाई में स्थापित मशीन की उत्पादन क्षमता लगभग 40 किलोग्राम पॉलीबैग प्रति घंटे है। इसके माध्यम से बाजार के दुकानदारों, वेंडर्स एवं आम नागरिकों को पर्यावरण अनुकूल बैग उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इससे पारंपरिक प्लास्टिक बैग के विकल्प को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर वैकल्पिक बैग की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
महिलाओं को उत्पादों की गुणवत्ता, नियमित उत्पादन एवं बिक्री पर विशेष ध्यान देने का निर्देश
नगर आयुक्त ने महिलाओं को उत्पादों की गुणवत्ता, नियमित उत्पादन एवं बिक्री पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दुकानदारों, वेंडर्स एवं आम नागरिकों के बीच इन बैगों का प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाएं। उन्होंने महिलाओं को इस इकाई को एक सफल उद्यम के रूप में विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया।
रांची नगर निगम की यह पहल महिला समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ स्वच्छ, जिम्मेदार एवं पर्यावरण अनुकूल शहरी व्यवस्था विकसित करने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है।
इस अवसर पर कार्यपालक अभियंता, नगर अभियान प्रबंधक सहित निगम के अन्य कर्मी उपस्थित थे।



