कोलकता: पश्चिम बंगाल सरकार ने अब विश्वविद्यालयों में दीक्षांत समारोह में पारंपरिक गाउन की जगह देसी हैंडलूम और भारतीय पारंपरिक पोशाक के इस्तेमाल को लेकर सभी सरकारी सहायता प्राप्त और निजी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को उच्च शिक्षा विभाग ने पत्र भेजा है। इस पत्र में दीक्षांत समारोह जैसे खास शैक्षणिक कार्यक्रम में भारतीय हैंडलूम की पोशाक इस्तेमाल करने के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा गया है।
भारत के मौसम के हिसाब से हैंडलूम से बनी पोशाक कहीं ज्यादा उपयुक्त और आरामदायक
पश्चिम बंगाल सरकार के उच्च शिक्षा विभाग के वरिष्ठ विशेष सचिव/सचिव की ओर से पश्चिम बंगाल के सभी राज्य-सहायता प्राप्त और निजी विश्वविद्यालयों को इस बारे में नोटिस भेजा गया है। पत्र में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के 2015, 2019 और 2024 के कई दिशा-निर्देशों का जिक्र किया गया है। वहां दीक्षांत समारोह जैसे कार्यक्रमों में पारंपरिक गाउन की जगह हैंडलूम से बनी पोशाक इस्तेमाल करने की सलाह दी गई थी। उन दिशा-निर्देशों की याद दिलाते हुए राज्य के उच्च शिक्षा विभाग ने कहा है, भारत के मौसम के हिसाब से हैंडलूम से बनी पोशाक कहीं ज्यादा उपयुक्त और आरामदायक है। साथ ही, देसी संस्कृति और परंपरा के प्रति गर्व की भावना भी जाहिर होगी। इसके अलावा यह पहल ग्रामीण हैंडलूम उद्योग और बुनकरों की आजीविका को भी सहारा देगी।
विश्वविद्यालय अपने हिसाब से दीक्षांत समारोह की पोशाक का डिजाइन तैयार कर सकेंगे
हालांकि, पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से पोशाक के मामले में कोई तय डिजाइन या अनिवार्य ड्रेस कोड थोपा नहीं गया है। विश्वविद्यालय अपने हिसाब से दीक्षांत समारोह की पोशाक का डिजाइन तैयार कर सकेंगे। कुलपति, खास मेहमानों और स्नातक, स्नातकोत्तर व पीएचडी डिग्री पाने वालों के लिए अलग-अलग दीक्षांत पोशाक बनाने में भी आजादी दी गई है। भारतीय परंपरा के मुताबिक, उत्तरीय समेत कई तरह की पोशाक इस्तेमाल करने की बात भी कही गई है। विश्वविद्यालयों को यह निर्देश लागू करने के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा गया है। संबंधित विश्वविद्यालय के साथ ही उनके अधीनस्थ कॉलेजों में भी यह पहल लागू करने की बात कही गई है।
भारतीय संस्कृति और बुनकरों को मिलेगा बढ़ावा
उच्च शिक्षा विभाग का कहना है कि भारत की जलवायु को देखते हुए हैंडलूम से बने पारंपरिक कपड़े अकादमिक गाउन की तुलना में अधिक आरामदायक और उपयुक्त हैं। इसके अलावा, ऐसे परिधानों को अपनाने से भारतीय संस्कृति और विरासत के प्रति गौरव की भावना बढ़ेगी। इससे ग्रामीण हैंडलूम उद्योग और बुनकरों की आजीविका को भी समर्थन मिलेगा।
यूजीसी पोर्टल पर अपलोड करनी होंगी तस्वीरें और वीडियो
निर्देश के अनुसार, विश्वविद्यालय दीक्षांत समारोह में अपनाए गए नए परिधानों की तस्वीरें और वीडियो यूजीसी के ‘यूनिवर्सिटी एक्टिविटी मॉनिटरिंग पोर्टल’ पर अपलोड कर सकते हैं। इसके साथ ही उन्हें इस संबंध में उठाए गए कदमों की जानकारी लिखित रूप में राज्य के उच्च शिक्षा विभाग को भी देनी होगी।
also read :झारखंड आवासीय विद्यालय से तीन छात्राएं बाउंड्री वॉल फांदकर फरार



