रांची : झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा 2026 के तहत मंगलवार को रांची में जिला स्तरीय पारंपरिक आदिवासी नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। अमर शहीद ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव जिला स्कूल स्थित हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के सात प्रखंडों के पारंपरिक नृत्य दलों ने हिस्सा लिया। समेकित जनजाति विकास अभिकरण (ITDA), रांची की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीत और वाद्ययंत्रों के साथ अपनी प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों ने मंच पर आदिवासी संस्कृति और परंपरा की झलक पेश की। दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साह बढ़ाया।
Read More : गुरु नानक प्रकाशोत्सव पर राज्यपाल संतोष गंगवार ने टेका मत्था, लंगर में लिया प्रसाद
चयन समिति ने इन आधारों पर किया मूल्यांकन
प्रतियोगिता में गठित चयन समिति ने सभी नृत्य दलों का मूल्यांकन किया। इसके लिए नृत्य की मौलिकता, ताल-लय, वेशभूषा, अभिव्यक्ति और निर्धारित समय-सीमा को आधार बनाया गया। समिति ने निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से प्रस्तुतियों का आकलन किया। मूल्यांकन के बाद आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रांची जिले का प्रतिनिधित्व करने के लिए एक सर्वश्रेष्ठ दल का चयन किया गया है।
आदिवासी संस्कृति के संरक्षण का दिया संदेश
ITDA रांची और जिला कल्याण कार्यालय के प्रतिनियुक्त कर्मियों के सहयोग और समन्वय से कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ। आयोजन के जरिए आदिवासी संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन का संदेश दिया गया। साथ ही युवा पीढ़ी में अपनी सांस्कृतिक जड़ों के प्रति गर्व और लगाव मजबूत करने पर जोर रहा। इस अवसर पर समेकित जनजाति विकास अभिकरण (ITDA), रांची की श्रीमती मनीषा तिर्की और समाज कल्याण विभाग के कर्मी उपस्थित थे।



