रांची में पारंपरिक ग्राम व्यवस्था के संरक्षक सम्मानित, DC ने बताईं प्राथमिकताएं

रांची : झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत मंगलवार को रांची में पारंपरिक ग्राम व्यवस्था के संरक्षकों के सम्मान में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। राजकीय अतिथि शाला, सर्कुलर रोड में आयोजित समारोह में जिला दंडाधिकारी सह DC मंजूनाथ भजन्त्री ने मानकी, मुंडा,

ग्राम व्यवस्था

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत मंगलवार को रांची में पारंपरिक ग्राम व्यवस्था के संरक्षकों के सम्मान में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। राजकीय अतिथि शाला, सर्कुलर रोड में आयोजित समारोह में जिला दंडाधिकारी सह DC मंजूनाथ भजन्त्री ने मानकी, मुंडा, ग्राम प्रधान, पड़हा राजा समेत विभिन्न पारंपरिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया। DC ने सभी प्रतिनिधियों को अंगवस्त्र और पौधा भेंट किया। इस दौरान उन्होंने झारखंड की पारंपरिक ग्राम व्यवस्था, सामुदायिक एकता और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में इनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि झारखंड की पहचान उसकी समृद्ध पारंपरिक व्यवस्थाओं और ग्राम स्तर की स्वशासन प्रणाली से जुड़ी है। इन व्यवस्थाओं के संरक्षकों का सम्मान राज्य की सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत करने का प्रतीक है।

Read More : लुगुबुरू घंटाबाड़ी में बाबूलाल मरांडी ने की पूजा-अर्चना, श्रद्धालुओं में बांटी खिचड़ी

मानकी, मुंडा और ग्राम प्रधान समेत कई प्रतिनिधि सम्मानित

कार्यक्रम में मानकी, परमधौत, मुंडा, ग्राम प्रधान, डाकुवा, पराणिक, जोगमाझी, कुड़ाम, कुड़ाम नायकी, नायकी, गोडैत, मूल रैयत, ग्रामीण दिउरी (पुजारी), पड़हा राजा, ग्राम सभा के प्रधान, घटवाल और तावेदार समेत पारंपरिक संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए। DC ने कहा कि ग्रामीण विकास में इन प्रतिनिधियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने में पारंपरिक ग्राम व्यवस्था के संरक्षक अहम योगदान दे सकते हैं।

भूमि विवाद और आदिवासी जमीन का संरक्षण प्राथमिकता

DC मंजूनाथ भजन्त्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को योजनाओं की नियमित निगरानी करने और लाभार्थियों तक उनकी जानकारी पहुंचाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने गांवों में लंबित भूमि विवादों के शीघ्र और न्यायसंगत समाधान पर भी जोर दिया। DC ने कहा कि भूमि विवाद व्यक्तिगत परेशानियों के साथ-साथ सामूहिक विकास कार्यों में भी बाधा पैदा करते हैं। प्रशासन भूमि अभिलेखों की शुद्धता और समयबद्ध निपटारे के लिए प्रतिबद्ध है। आदिवासी भूमि संरक्षण को प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कहा कि पारंपरिक जमीन की सुरक्षा आदिवासी समुदायों के अधिकारों और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी है। इसके लिए कानूनी प्रावधानों का सख्ती से पालन किया जाएगा।

हड़िया केमिकल पर रोक और कुपोषण उन्मूलन पर जोर

DC ने हड़िया केमिकल के इस्तेमाल पर रोक लगाने की आवश्यकता भी बताई। उन्होंने कहा कि हानिकारक रसायनों का अनियंत्रित उपयोग पर्यावरण, जनस्वास्थ्य और कृषि उत्पादकता के लिए खतरा है। प्रशासन इस संबंध में जागरूकता अभियान चलाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेगा। कुपोषण को सामाजिक चुनौती बताते हुए उन्होंने कहा कि विशेषकर बच्चों और गर्भवती महिलाओं को इससे बचाने के लिए सरकारी पोषण योजनाओं का सही क्रियान्वयन जरूरी है। आंगनवाड़ी केंद्रों की सक्रियता और समुदाय स्तर पर जागरूकता से इस समस्या से निपटा जा सकता है।

बाल विवाह रोकने के लिए सामूहिक प्रयास की अपील

DC ने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन, पंचायतों, सामाजिक संगठनों और आम लोगों से मिलकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बाल विवाह कानूनन अपराध होने के साथ-साथ बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य को भी प्रभावित करता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि ग्रामीण विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है। इसके लिए ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

कई प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी सदर रांची कुमार रजत, अपर समाहर्ता रामनारायण सिंह, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। गौरतलब है कि झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा 15 नवंबर से 28 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। इसी कड़ी में पारंपरिक ग्राम व्यवस्था के संरक्षकों को सम्मानित करने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *