पटना : मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी इन दिनों खूब चर्चा में है। पटना के बाढ़ इलाके के नदवां गांव में शादी को लेकर जोर-शोर से तैयारियां की गई हैं। 24 और 25 नवंबर को होने वाले इस शादी समारोह में मेहंदी, संगीत, कव्वाली से लेकर घुड़दौड़ तक का आयोजन रखा गया है। लेकिन इस पूरे समारोह में सबसे ज्यादा चर्चा 25 नवंबर को होने वाली घुड़दौड़ प्रतियोगिता की है। खास बात यह है कि इसमें जीतने वाले घुड़सवारों को इनाम में महिंद्रा थार, बुलेट और स्कूटी दी जाएगी।
Read More : JMM में अनुशासनहीनता पर कार्रवाई, चार जिला समितियों से जवाब तलब
प्रतियोगिता में जो घुड़सवार सबसे आगे रहेगा, उसे महिंद्रा थार मिलेगी। दूसरे नंबर पर आने वाले को बुलेट और तीसरे स्थान पर रहने वाले को स्कूटी इनाम में दी जाएगी। यह घुड़दौड़ 25 नवंबर को दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगी। यानी शादी के जश्न में इस बार घोड़ों की रफ्तार और इनामों का रोमांच भी देखने को मिलेगा।
24 नवंबर को मेहंदी और संगीत से शुरू होगा समारोह
शादी समारोह की शुरुआत 24 नवंबर को मेहंदी और संगीत कार्यक्रम के साथ होगी। इसमें परिवार की महिलाएं और रिश्तेदार शामिल होंगे। शाम को भोजपुरी और पारंपरिक शादी के गीतों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए भव्य पंडाल और मंच तैयार किया गया है। वहीं, 25 नवंबर की सुबह अनंत सिंह के बेटे अभिनव कुमार का जनेऊ संस्कार होगा। इसके बाद सुबह 10 बजे कव्वाली का कार्यक्रम रखा गया है। दोपहर 2 बजे से घुड़दौड़ प्रतियोगिता शुरू होगी, जो शाम 4 बजे तक चलेगी।
चार लाख मेहमानों के भोजन का इंतजाम
शादी में आने वाले मेहमानों के खानपान के लिए भी बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं। आयोजन से जुड़े दावों के मुताबिक, करीब चार लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई है। मेहमानों के लिए 150 से अधिक तरह के व्यंजन तैयार किए जाएंगे। तिलक समारोह में दामाद ऋषिकेश कुमार को लैंड रोवर डिफेंडर पहले ही उपहार में दी जा चुकी है। वहीं, बेटे अभिनव को BMW दिए जाने की भी चर्चा है।
VIP मेहमानों के लिए बनाए गए पांच हेलीपैड
शादी समारोह में बिहार के कई बड़े राजनीतिक नेताओं और चर्चित हस्तियों को आमंत्रित किया गया है। VIP मेहमानों की सुविधा के लिए आयोजन स्थल पर पांच हेलीपैड भी तैयार किए गए हैं। हालांकि, लगातार बारिश के कारण आयोजन स्थल पर कीचड़ की समस्या पैदा हो गई थी। मौसम साफ होने के बाद तैयारियों ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। अब 25 नवंबर को होने वाले विवाह समारोह और घुड़दौड़ प्रतियोगिता पर सबकी नजरें टिकी हैं।



