रांची: राजधानी रांची के रातु थाना क्षेत्र स्थित तिलता गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान 32 वर्षीय ललिता देवी के रूप में हुई है। ललिता के मायके वालों ने उसके पति उमेश पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, चतरा जिले के असरहिया की मूल निवासी ललिता देवी की शादी वर्ष 2012 में हजारीबाग जिले के केरेडारी निवासी उमेश के साथ हुई थी। उमेश पेशे से जेसीबी चालक है और उसने रातू के तिलता में जमीन खरीदकर अपना घर बनाया है, जहां वह पत्नी के साथ रहता था।
बताया जा रहा है कि पत्नी की मौत के बाद आरोपी पति गुपचुप तरीके से शव का अंतिम संस्कार करने के लिए अपने पैतृक गांव ले जा रहा था। इसी बीच ललिया के मायके वालों की शिकायत पर हजारीबाग की केरेडारी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कुछ दिन पहले पति-पत्नी में हुआ था विवाद
मृतका के परिजनों का आरोप है कि कुछ दिन पहले ही पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर काफी विवाद हुआ था, जिसे उस समय आसपास के लोगों ने समझा-बुझाकर शांत करा दिया था। मायके वालों का दावा है कि इसी विवाद के चलते उमेश ने ललिता की हत्या कर दी।
ललिता के परिजनों की शिकायत पर केरेडारी थाना पुलिस ने आरोपी पति उमेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस पूछताछ में उमेश ने हत्या के आरोपों से सिरे से खारिज किया है। उसका कहना है कि ललिता घर की सीढ़ी से गिर गई थी, जिससे उसे चोट आई थी और उसका इलाज चल रहा था। इसी वजह से उसकी मौत हुई होगी।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। फिलहाल ललिता की मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
also read : खनिज रॉयल्टी के बदले नियमों से नाराज ठेकेदार, 27 नवंबर को रांची में बनेगी आंदोलन की रणनीति



