रांची : झारखंड में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) अब अपना पूरा संगठनात्मक ढांचा बदलने की तैयारी में है। अगले साल हिंदी चैत्र नववर्ष से राज्य में प्रांत व्यवस्था खत्म कर उसकी जगह प्रदेश व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके तहत पूरे झारखंड को तीन संभागों में बांटा जाएगा। इनमें रांची, हजारीबाग और देवघर संभाग शामिल होंगे। हर संभाग में आठ-आठ जिले रखे जाएंगे। इस बदलाव के बाद धनबाद जिला रांची या हजारीबाग की जगह देवघर संभाग के अधीन आ जाएगा। संघ के नए ढांचे में सबसे ऊपर प्रदेश रहेगा। इसके नीचे संभाग, फिर विभाग और उसके बाद जिला इकाइयां काम करेंगी। अभी संघ में सबसे बड़े प्रांतीय पदाधिकारी को प्रांत प्रचारक कहा जाता है, लेकिन नई व्यवस्था लागू होने के बाद उनका पदनाम बदलकर राज्य प्रचारक कर दिया जाएगा।
Read More : गुमला में कार-ट्रक की भीषण टक्कर, ट्रक चालक की जिंदा जलकर मौत
वहीं, हर संभाग में कामकाज संभालने के लिए तीन प्रमुख पदाधिकारी होंगे। इनमें संभाग कार्यवाह, संभाग संचालक और संभाग प्रचारक शामिल हैं। तीनों संभागों को मिलाकर कुल 12 विभाग भी बनाए जाएंगे। संघ के एक वरिष्ठ पदाधिकारी के मुताबिक, इस पूरे बदलाव के पीछे संगठन के कामकाज को और बेहतर ढंग से चलाने और उसकी गतिविधियों को गांव-गांव तक फैलाने की तैयारी है। नए ढांचे से संगठन का काम पहले से ज्यादा व्यवस्थित तरीके से चल सकेगा।
रांची, हजारीबाग और देवघर संभाग में इन जिलों को मिलेगी जगह
प्रस्तावित नए ढांचे में आठ-आठ जिलों के तीन संभाग बनाए जाएंगे। इनके तहत जिलों का बंटवारा इस प्रकार होगा।
रांची संभाग: रांची, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और सिमडेगा।
हजारीबाग संभाग: हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो, कोडरमा, चतरा, लातेहार, पलामू और गढ़वा।
देवघर संभाग: धनबाद, गिरिडीह, जामताड़ा, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज।
इस बदलाव में जिला स्तर पर भी संगठन का स्वरूप बदलेगा। अभी ग्रामीण और महानगर इकाइयां अलग-अलग काम करती हैं। नई व्यवस्था में दोनों को मिलाकर एक जिला इकाई बनाई जाएगी। जिला इकाई के तहत नगर इकाइयां काम करेंगी। जिला स्तर पर अलग-अलग पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। इसका मकसद जिला और स्थानीय स्तर पर संगठन की गतिविधियों को एकीकृत तरीके से संचालित करना है।
3 दिसंबर को रांची में समन्वय बैठक, 17 को होगा चयन
संगठनात्मक बदलाव को अंतिम रूप देने के लिए 3 दिसंबर को रांची में संघ की समन्वय बैठक प्रस्तावित है। इसमें संघ के सह सरकार्यवाह आलोक जी भी शामिल हो सकते हैं। बैठक में प्रांत प्रचारक, 12 विभागों के प्रमुख और 32 विभिन्न आनुषंगिक संगठनों के पदाधिकारी हिस्सा लेंगे। सूत्रों के अनुसार, इसमें नए संगठनात्मक ढांचे, पदों और जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा होगी। दिसंबर तक पूरी रूपरेखा तैयार करने की योजना है। इसके बाद 17 दिसंबर को संभाग स्तर के पदाधिकारियों का चयन किया जाएगा। नई व्यवस्था के तहत प्रदेश से लेकर जिला स्तर तक अलग-अलग पदों और जिम्मेदारियों का निर्धारण होगा।
अखिल भारतीय बैठक में लिया गया था बदलाव का फैसला
RSS के संगठनात्मक ढांचे में बदलाव का फैसला 2 से 4 नवंबर तक इंदौर में हुई अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक में लिया गया था। इसके तहत देशभर में मौजूदा 46 प्रांतों की जगह 85 से 90 संभाग बनाने की तैयारी है। प्रस्तावित बदलाव मार्च 2027 तक लागू किए जा सकते हैं। संघ का उद्देश्य संगठनात्मक गतिविधियों को छोटे क्षेत्रों और बस्तियों तक पहुंचाना है। इसी के लिए प्रशासनिक इकाइयों का पुनर्गठन किया जा रहा है। झारखंड में भी इसी योजना के तहत प्रांत की जगह प्रदेश व्यवस्था लागू करने और तीन संभाग बनाने की तैयारी है। नए ढांचे में संगठन की गतिविधियों और जिम्मेदारियों का संचालन स्थानीय स्तर पर अधिक व्यवस्थित तरीके से किया जाएगा।



