रांची जनता दरबार में DC का एक्शन, सिल्ली अंचल के कर्मी का वेतन रुका

रांची : रांची समाहरणालय में सोमवार को जनता दरबार लगा। इसमें जिले के अलग-अलग इलाकों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं जिला दण्डाधिकारी सह DC मंजूनाथ भजन्त्री के सामने रखीं। किसी ने जमीन का मामला उठाया, तो किसी ने राशन कार्ड, पेंशन और सरकारी योजनाओं

DC

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : रांची समाहरणालय में सोमवार को जनता दरबार लगा। इसमें जिले के अलग-अलग इलाकों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं जिला दण्डाधिकारी सह DC मंजूनाथ भजन्त्री के सामने रखीं। किसी ने जमीन का मामला उठाया, तो किसी ने राशन कार्ड, पेंशन और सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलने की शिकायत की। DC ने एक-एक कर सभी की बातें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द समस्या दूर करने का निर्देश दिया। जनता दरबार में जमीन, दाखिल-खारिज, पंजी-2 में सुधार, राशन कार्ड, पेंशन, जाति, आय और आवासीय प्रमाण पत्र के अलावा पारिवारिक विवाद से जुड़े कई आवेदन आए। इस दौरान DC ने अधिकारियों को साफ कहा कि लोगों को छोटे-छोटे काम के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ें। हर आवेदन को गंभीरता से लें और तय समय के अंदर उसका निपटारा करें।

Read More : रांची के धुर्वा में 30 स्ट्रीट लाइट चोरी, नगर निगम ने दर्ज कराया सनहा

सिल्ली अंचल के अनुसेवक मंगरा भोक्ता का वेतन रोकने का निर्देश

जनता दरबार में सिल्ली अंचल में पदस्थापित अनुसेवक मंगरा भोक्ता से जुड़ी शिकायत भी पहुंची। उनकी पहली पत्नी ने अपने बेटे और बहू पर मारपीट करने और परेशान करने का आरोप लगाया। महिला ने बताया कि उसका पति शराब के नशे में रहता है। खतियानी जमीन बेचने से मना करने पर उसके साथ मारपीट की जाती है। महिला ने अपनी सुरक्षा और आरोपों पर कार्रवाई की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए DC मंजूनाथ भजन्त्री ने मंगरा भोक्ता को शो-कॉज करने और उनका वेतन रोकने का निर्देश दिया।

22 दिन की बच्ची के इलाज के लिए बनेगा राशन कार्ड

जनता दरबार में दो ऐसे मामले भी पहुंचे, जिनमें राशन कार्ड नहीं होने के कारण परिवारों को इलाज कराने में परेशानी हो रही थी। खलारी के रहने वाले शंकर प्रसाद गुप्ता अपनी महज 22 दिन की बच्ची के इलाज के लिए राशन कार्ड बनवाने का आवेदन लेकर पहुंचे। बच्ची की परेशानी को देखते हुए DC ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को जरूरी विभागीय पत्राचार करने और जल्द कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही बच्ची को इलाज की सुविधा दिलाने के लिए पहल करने को कहा। वहीं, बाली मिश्रा भी राशन कार्ड बनवाने की गुहार लेकर जनता दरबार पहुंचे। उनका दाहिना फेफड़ा खराब है और वह गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। वह आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज कराना चाहते हैं, लेकिन राशन कार्ड नहीं होने से परेशानी हो रही है। इस पर DC ने विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी को जल्द जरूरी कार्रवाई कर उन्हें इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। DC ने कहा कि गंभीर बीमारी से परेशान जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं के जरिए इलाज दिलाना प्राथमिकता है। ऐसे मामलों में अधिकारी संवेदनशीलता दिखाएं और बिना देरी किए कार्रवाई करें, ताकि किसी को इलाज से वंचित न रहना पड़े।

आर्थिक रूप से सक्षम व्यक्ति ने खुद राशन कार्ड से नाम हटाने की मांग की

जनता दरबार में चर्च रोड के रहने वाले विनय कुमार ने भी आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि अब वह आर्थिक रूप से सक्षम हैं और राशन कार्ड से अपना नाम हटवाना चाहते हैं। DC ने संबंधित अधिकारियों को नियम के मुताबिक जरूरी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

जाति, आय और आवासीय प्रमाण पत्र के लिए भी पहुंचे लोग

जनता दरबार में कई लोगों ने जाति, आय और आवासीय प्रमाण पत्र बनवाने में हो रही देरी की शिकायत की। DC ने आवेदकों के दस्तावेज देखे और संबंधित अंचल अधिकारियों को जांच पूरी कर पात्र लोगों का प्रमाण पत्र जल्द जारी करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि प्रमाण पत्र बनाने के काम में बेवजह देरी नहीं होनी चाहिए। तय प्रक्रिया और समय-सीमा के अंदर लोगों को सरकारी सेवा मिलनी चाहिए।

आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों और होमगार्ड अभ्यर्थियों की शिकायत भी पहुंची

जनता दरबार में वर्ष 2010 से 2016 के बीच आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को आत्मसमर्पण नीति के तहत मिलने वाले लाभ नहीं मिलने का मामला भी उठा। DC ने संबंधित अधिकारियों को मामले की ताजा स्थिति पता करने और नियम के मुताबिक पात्र लोगों को योजना का लाभ दिलाने का निर्देश दिया। वहीं, वर्ष 2016 की होमगार्ड नियुक्ति प्रक्रिया में चयनित नहीं हो पाए अभ्यर्थियों से जुड़ी शिकायत भी सामने आई। बताया गया कि अभ्यर्थियों ने इस मामले में हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। इसके बाद अदालत ने जिला प्रशासन को मामले को देखने का निर्देश दिया था। DC ने इस शिकायत पर भी संज्ञान लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।

जमीन की ठगी, म्यूटेशन और पेंशन की शिकायतों पर भी निर्देश

जनता दरबार में जमीन दिलाने के नाम पर ठगी, पंजी-2 में गड़बड़ी और म्यूटेशन से जुड़ी शिकायतें भी आईं। DC ने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों की जांच करने और नियम के मुताबिक कार्रवाई कर जल्द निपटारा करने का निर्देश दिया। इसके अलावा पेंशन नहीं मिलने की शिकायत लेकर भी लोग पहुंचे। DC ने अधिकारियों को आवेदनों की जांच करने और पात्र लोगों को जल्द पेंशन का लाभ दिलाने को कहा।

प्रखंड, अंचल, पंचायत और थाना स्तर पर ही निपटाएं लोगों की परेशानी

जनता दरबार में DC मंजूनाथ भजन्त्री ने अधिकारियों को साफ संदेश दिया कि आम लोगों की समस्याओं का समाधान उनके अपने इलाके में ही होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रखंड, अंचल, पंचायत और थाना क्षेत्रीय प्रशासन के चार अहम स्तंभ हैं। इन सभी की जिम्मेदारी है कि लोगों को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ समय पर मिले। DC ने कहा कि लोगों को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के लिए जिला मुख्यालय तक दौड़ नहीं लगानी पड़े। अगर किसी का काम प्रखंड, अंचल, पंचायत या थाना स्तर पर अटका हुआ है और वहां सुनवाई नहीं हो रही है, तो वह जनता दरबार में अपनी शिकायत लेकर आ सकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि लोगों की परेशानी को समझें, शिकायतों को बेवजह लटकाकर न रखें और हर मामले में जिम्मेदारी के साथ कार्रवाई करें।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *