रांची : राजधानी रांची के धुर्वा इलाके में सरकारी संपत्ति की चोरी का मामला सामने आया है। वार्ड संख्या 40 में करीब 30 स्ट्रीट लाइट चोरी हो गई हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए रांची नगर निगम ने धुर्वा थाना में सनहा दर्ज कराया है। नगर निगम प्रशासन ने साफ कहा है कि सरकारी संपत्ति की चोरी या उसे नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के मुताबिक, वार्ड 40 के पार्षद ने लगातार हो रही स्ट्रीट लाइट चोरी की घटनाओं की जानकारी अपर नगर आयुक्त संजय कुमार को दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तुरंत विद्युत शाखा के सहायक अभियंता को संबंधित इलाके का निरीक्षण करने और चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
Read More : गुरु पर्व पर घर में बनाएं पारंपरिक कड़ा प्रसाद, जानें आसान रेसिपी
करीब 30 स्ट्रीट लाइट चोरी होने पर दर्ज कराया सनहा
अपर नगर आयुक्त के निर्देश पर विद्युत शाखा के सहायक अभियंता ने संबंधित क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान करीब 30 स्ट्रीट लाइट की चोरी का मामला सामने आया। इसके बाद धुर्वा थाना में इस संबंध में सनहा दर्ज कराया गया। अपर नगर आयुक्त ने संबंधित थाना प्रभारी को मामले में तेजी से कार्रवाई करने और चोरी की घटनाओं में शामिल लोगों की पहचान करने का निर्देश दिया है। साथ ही दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर होगी कार्रवाई
अपर नगर आयुक्त संजय कुमार ने स्पष्ट कहा कि नगर निगम की संपत्ति आम नागरिकों की सुविधा और शहर के विकास के लिए है। सरकारी संपत्ति की चोरी करना, उसे नुकसान पहुंचाना या सार्वजनिक सुविधाओं को बाधित करना गंभीर अपराध है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में किसी तरह की लापरवाही या नरमी नहीं बरती जाएगी। चोरी और तोड़फोड़ में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त दंडात्मक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
निगम ने नागरिकों से की अपील, इस नंबर पर दें सूचना
रांची नगर निगम ने शहरवासियों से सार्वजनिक और सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की है। निगम ने कहा है कि कहीं भी स्ट्रीट लाइट, सरकारी उपकरण या नगर निगम की दूसरी संपत्तियों की चोरी, तोड़फोड़ अथवा कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत दें। इसके लिए नगर निगम ने टोल फ्री नंबर 1800-570-1235 जारी किया है। निगम के मुताबिक, नागरिकों की सतर्कता और सहयोग से सार्वजनिक संपत्तियों को सुरक्षित रखने के साथ शहर में बेहतर नागरिक सुविधाएं बनाए रखने में मदद मिलेगी।


