रांची : रांची के डीएवी नंदराज पब्लिक स्कूल, बरियातू के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण चित्रकला प्रतियोगिता 2026 में शानदार प्रदर्शन किया है। स्कूल के दो विद्यार्थियों ने राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में पुरस्कार हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया। इनमें कक्षा सातवीं ‘सी’ के वत्सांक राज ने ग्रुप-A और कक्षा आठवीं ‘सी’ के ओजस पांडेय ने ग्रुप-B में पुरस्कार प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता का मकसद बच्चों के बीच ऊर्जा संरक्षण को लेकर जागरूकता फैलाना था। इसके लिए ‘विद्यालय एवं घर में ऊर्जा की बचत करें’ और ‘ऊर्जा संरक्षण ही ऊर्जा सुरक्षा की कुंजी है’ विषय रखे गए थे। विद्यार्थियों ने अपनी चित्रकारी के जरिए बिजली बचाने, ऊर्जा का समझदारी से इस्तेमाल करने और पर्यावरण को सुरक्षित रखने का संदेश दिया।
Read More : JUVNL में कर्मचारियों की पदोन्नति वर्षों से अटकी, अजय राय ने CMD को सौंपा ज्ञापन
11 हजार विद्यार्थियों के बीच हुआ चयन
राज्यस्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता 20 नवंबर 2026 को आयोजित हुई थी। इसमें करीब 11 हजार विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। इनमें से 100 विद्यार्थियों का चयन किया गया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच डीएवी नंदराज के ओजस पांडेय ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उन्हें 7,500 रुपये की नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया। इस प्रतियोगिता का आयोजन दामोदर वैली कॉरपोरेशन (DVC) ने ऊर्जा दक्षता ब्यूरो (BEE) और भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय के तत्वावधान में किया था।
प्राचार्य ने दी बधाई
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर स्कूल के प्राचार्य डॉ. रवि प्रकाश तिवारी ने खुशी जताई और दोनों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज के समय में ऊर्जा संरक्षण बेहद जरूरी है। ऐसी प्रतियोगिताओं से बच्चों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ती है। साथ ही उनकी रचनात्मकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी विकसित होती है। विद्यालय परिवार ने दोनों विद्यार्थियों की उपलब्धि की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



