गिरिडीह : गिरिडीह में रविवार की आधी रात के बाद एक ऐसी खूनी वारदात हुई, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पचम्बा थाना इलाके के खावा गांव में किसी अज्ञात हमलावर ने ससुर और बहू को टांगी से काटकर मौत के घाट उतार दिया। दोनों की लाश घर के सामने पड़ी मिली। मृतकों की पहचान गांव के ही रहने वाले 55 वर्षीय शुकर मंडल और उनकी बहू शीला देवी (पति- जितेंद्र मंडल) के रूप में हुई है। एक ही घर के दो लोगों की बेरहमी से हत्या के बाद गांव में तनाव फैल गया है। घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस को शव उठाने से रोक दिया। ग्रामीणों का साफ कहना था कि जब तक कोई बड़ा पुलिस या प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचेगा, तब तक शवों को वहां से नहीं ले जाने दिया जाएगा। इसको लेकर मौके पर काफी देर तक हंगामा होता रहा।
Read More : मधुबन में जैन श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, गुजरात के दंपती की गई जान
आधी रात के बाद घर में घुसा हमलावर, ससुर-बहू की हत्या
मिली जानकारी के मुताबिक, रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 12 बजे के बाद एक व्यक्ति चुपके से घर में घुसा था। इसके बाद किसी बात को लेकर विवाद हुआ और उसने शुकर मंडल और उनकी बहू शीला देवी पर टांगी से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि इस दोहरे हत्याकांड के पीछे पुरानी रंजिश है। उनका कहना है कि एक ही व्यक्ति ने घर में घुसकर दोनों की हत्या की है। घटना के बाद से गांव में उसी व्यक्ति के नाम की चर्चा हो रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक हमलावर की पहचान को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।
गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस को शव उठाने से रोका
दोहरी हत्या की खबर मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलने पर एसपी डॉ. बिमल कुमार ने डीएसपी आरके राणा को तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके बाद डीएसपी के आदेश पर पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने अवर निरीक्षक सोनू कुमार वर्मा को पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर भेजा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरे इलाके को घेर लिया और सुरक्षा घेरा बना दिया। लेकिन वहां मौजूद ग्रामीण काफी गुस्से में थे। उन्होंने पुलिस को दोनों शव अपने कब्जे में लेने से रोक दिया। ग्रामीणों ने साफ कह दिया कि जब तक कोई वरीय अधिकारी मौके पर नहीं आएगा, तब तक शव नहीं उठने देंगे। पुलिस ने लोगों को काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे। आखिरकार पुलिस को बिना शव उठाए ही वापस लौटना पड़ा।
डीएसपी आरके राणा बोले- मामले की जांच कर रही पुलिस
इस दोहरे हत्याकांड को लेकर डीएसपी आरके राणा ने बताया कि खावा गांव में एक अधेड़ व्यक्ति और उनकी बहू की हत्या हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल गांव में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है। परिजन पुरानी रंजिश को हत्या की वजह बता रहे हैं, जबकि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।



