रांची। झारखंड में राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग के गठन की दिशा में पहल तेज हो गई है। आयोग का गठन जल्द किया जाएगा। फिलहाल इसके संचालन के लिए अस्थायी व्यवस्था की गई है। नामकुम स्थित जियाडा भवन में आयोग का कार्यालय बनाया जाएगा। उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने इसके गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी है और कार्यालय के लिए स्थान भी चिह्नित कर लिया गया है।
राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग के अलावा उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के तीन प्रस्तावित प्राधिकरणों के कार्यालय भी तैयार किए जा रहे हैं। इनका संचालन धुर्वा स्थित स्मार्ट सिटी के जुपमी भवन से होगा। इसके लिए भवन में स्थान आवंटित कर दिया गया है।
भवन तैयार करने की जिम्मेदारी झारखंड भवन कॉरपोरेशन को
चारों कार्यालयों में जरूरी आधारभूत सुविधाएं विकसित करने की जिम्मेदारी झारखंड भवन कॉरपोरेशन को सौंपी गई है। इसके तहत कार्यालयों के संचालन के लिए आवश्यक आधारभूत संरचना तैयार की जाएगी। आयोग के गठन और कार्यालयों की व्यवस्था पूरी होने के बाद उच्च शिक्षा विभाग के कामकाज को संस्थागत रूप देने में मदद मिलेगी।
also read : नवविवाहिता की मौत, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप


