रांची में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने मेधावी छात्रों को किया सम्मानित, युवाओं से राजनीति में आने की अपील

झारखंड की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायतीराज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि समाज और देश में बड़ा बदलाव तभी संभव है, जब युवा राजनीति में आगे आएं और नेतृत्व की जिम्मेदारी निभाएं।
दीपिका पांडेय सिंह

रांची : झारखंड की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायतीराज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि समाज और देश में बड़ा बदलाव तभी संभव है, जब युवा राजनीति में आगे आएं और नेतृत्व की जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने यह बात पब्लिक स्कूल्स एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन (पासवा) की ओर से आयोजित छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह में कही, जहां 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।

Read More : रांची में लघु मालवाहनों की समय सीमा हटाने की मांग, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने सौंपा ज्ञापन

कार्यक्रम में मंत्री ने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें अपने रुचि के क्षेत्र का चयन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विज्ञान, तकनीकी शिक्षा, कला, वाणिज्य, खेल या संस्कृति, किसी भी क्षेत्र में समर्पण और उत्कृष्टता के साथ आगे बढ़ने पर सफलता अवश्य मिलती है।

युवाओं से नेतृत्व संभालने की अपील

दीपिका पांडेय सिंह ने विद्यार्थियों से राजनीति, समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि युवा समाज में सकारात्मक बदलाव लाना चाहते हैं तो उन्हें नेतृत्व की जिम्मेदारी उठाने का साहस भी दिखाना होगा। उन्होंने कहा कि संवेदनशील, शिक्षित और दूरदर्शी नेतृत्व लाखों लोगों के जीवन को नई दिशा दे सकता है। देश और राज्य को ऐसे नेतृत्व की आवश्यकता है, जो समान अवसर, सामाजिक न्याय और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दे।

Read More : रांची में इनर व्हील क्लब स्वर्णरेखा की पहल, किडनी मरीजों को बांटे फल और किया पौधारोपण

पेपर लीक और मूल्यांकन प्रक्रिया पर जताई चिंता

अपने संबोधन में दीपिका पांडेय सिंह ने हाल के दिनों में सामने आए पेपर लीक और सीबीएसई मूल्यांकन प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस वर्ष कई विद्यार्थियों को मूल्यांकन संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि झारखंड के एक मेधावी छात्र ने गहन अध्ययन के माध्यम से मूल्यांकन प्रक्रिया की विसंगतियों को उजागर किया, जिसकी सराहना राहुल गांधी ने भी की। मंत्री ने यह भी कहा कि पुनर्मूल्यांकन के बाद झारखंड की एक छात्रा का राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष स्थान हासिल करना इस बात का संकेत है कि मूल्यांकन प्रक्रिया में सुधार की आवश्यकता है। उनके अनुसार, अपेक्षा से कम अंक मिलने के कारण कई विद्यार्थियों को उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश के दौरान कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जो चिंता का विषय है।

Read More : देवघर श्रावणी मेला 2026 : बाबा बैद्यनाथ धाम में 15 जुलाई से शुरू होगी हाईटेक ओवरब्रिज

विद्यार्थियों के अधिकारों की रक्षा का भरोसा

दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ऐसी परिस्थितियों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए हर स्तर पर आवाज उठाई जाएगी। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में “छात्रों की गूंज” अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाना और उनके अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने सभी मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी उपलब्धियों पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिभाशाली विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार नागरिक, संवेदनशील नेता और विकसित झारखंड तथा विकसित भारत के निर्माता बनेंगे।

Read More : पतरातू पहुंचे वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, बोले- विस्थापितों की मांगें कैबिनेट में रखी जाएंगी

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *