रांची : झारखंड में JSSC CGL पेपर लीक मामले को लेकर CID ने अपनी जांच और तेज कर दी है। इस मामले में जांच एजेंसी ने 10 आरोपियों के खिलाफ करीब 5200 पन्नों की चार्जशीट अदालत में दाखिल कर दी है। इसमें झारखंड और बिहार के रहने वाले आरोपी शामिल हैं। CID ने पूरक आरोप पत्र संख्या 28/26 के तहत यह पूरी रिपोर्ट अदालत को सौंपी है। यानी पेपर लीक मामले में अब आरोपियों की मुश्किलें और बढ़ने वाली हैं।
Read More : प्रिंस खान गैंग पर शिकंजा, भाई और साले के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस
अंतरराज्यीय सिंडिकेट के नेटवर्क का खुलासा
जांच के दौरान CID को पेपर लीक से जुड़े एक अंतरराज्यीय गिरोह की जानकारी मिली थी। इस गिरोह के सदस्य झारखंड और बिहार में सक्रिय थे। जांच एजेंसी ने अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर कई लोगों को गिरफ्तार किया था। अब तक जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर 10 लोगों को आरोपी बनाया गया है। चार्जशीट में देवघर जिले के मार्गोमुंडा निवासी सुषमा उर्फ सुषमा तिवारी, अक्षय तिवारी और अभय तिवारी के नाम शामिल हैं। इनके अलावा धनबाद के राजगंज निवासी विजय तिवारी, धनबाद टाउन निवासी दीपक और गिरिडीह के बेंगाबाद निवासी समीर के खिलाफ भी आरोप पत्र दाखिल किया गया है। बिहार के सारण निवासी आनंद सिंह को भी आरोपी बनाया गया है।
साक्ष्य मिटाने के आरोप में तीन और आरोपी
CID ने पेपर लीक से जुड़े सबूत मिटाने के आरोप में तीन अन्य लोगों को भी अभियुक्त बनाया है। इनमें बिहार के रोहतास निवासी सोमांश प्रकाश, वैशाली निवासी राहुल कुमार और बोकारो के दुग्दा निवासी उमेश कुमार राय शामिल हैं।
तकनीकी और वित्तीय साक्ष्यों को बनाया आधार
करीब 5200 पन्नों की पूरक चार्जशीट में CID ने आरोपियों के बीच संपर्क, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), बैंक खातों में हुए लेन-देन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का उल्लेख किया है। इसके साथ ही आरोपियों के इकबालिया बयानों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। चार्जशीट दाखिल होने के बाद अब अदालत में मामले की आगे की सुनवाई और न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।



