छठ पूजा का पोस्टर फाड़ने पर हजारीबाग में विवाद, निगम कार्यालय पर धरना

हजारीबाग : छठ पूजा फल वितरण समिति का बैनर हटाने को लेकर हजारीबाग नगर निगम बुरी तरह विवादों में घिर गया है। दरअसल, मंगलवार को नगर निगम की टीम अवैध होर्डिंग हटाने निकली थी। इसी दौरान आर्ष कन्या गुरुकुल के मुख्य गेट पर लगा श्री

छठ पूजा

अपनी भाषा में पढ़ें

हजारीबाग : छठ पूजा फल वितरण समिति का बैनर हटाने को लेकर हजारीबाग नगर निगम बुरी तरह विवादों में घिर गया है। दरअसल, मंगलवार को नगर निगम की टीम अवैध होर्डिंग हटाने निकली थी। इसी दौरान आर्ष कन्या गुरुकुल के मुख्य गेट पर लगा श्री षष्ठी छठ पूजा फल वितरण समिति का बैनर फाड़कर हटा दिया गया। बस फिर क्या था, इस बात को लेकर गुरुकुल के आचार्य और निगम कर्मियों के बीच जमकर कहासुनी हो गई। निगम की इस कार्रवाई से नाराज समिति के सदस्य भी चुप नहीं बैठे और नगर निगम कार्यालय के गेट पर ही धरने पर बैठ गए।

मामले ने तब और तूल पकड़ लिया, जब हजारीबाग के महापौर अरविंद राणा ने निगम प्रबंधन की कार्यशैली पर ही सवाल खड़े कर दिए। उन्होंने साफ-साफ कहा कि बैनर हटाने की यह कार्रवाई गलत मानसिकता के तहत की गई है। खास बात यह है कि महापौर अरविंद राणा खुद भी छठ पूजा फल वितरण समिति के सदस्य हैं।

Read More : झारखंड में 108 एंबुलेंस कर्मचारियों की हड़ताल पर सख्त हुआ स्वास्थ्य विभाग

महापौर ने निगम प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप

महापौर अरविंद राणा ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि गलत मानसिकता के तहत समिति का बैनर हटाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर आयुक्त उन स्थानों पर कार्रवाई कर रहे हैं, जहां-जहां महापौर का संबंध है। महापौर ने इस मामले में नामजद मुकदमा दर्ज कराने की बात भी कही है। वहीं, बैनर हटाने की कार्रवाई के विरोध में समिति के सदस्यों ने नगर निगम कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर धरना देकर अपना विरोध दर्ज कराया।

गुरुकुल के आचार्य से व्यवहार पर भी नाराजगी

नगर निगम की कार्रवाई के दौरान आर्ष कन्या गुरुकुल के आचार्य कौटिल्य के साथ हुई नोक-झोंक को लेकर भी लोगों में नाराजगी है। निगम प्रबंधन पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया जा रहा है। समिति के सदस्यों और अन्य लोगों ने इस कार्रवाई पर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि छठ पूजा से जुड़े बैनर को हटाने के दौरान जिस तरह का व्यवहार किया गया, वह उचित नहीं था।

नगर आयुक्त ने जताया खेद

विवाद बढ़ने के बाद नगर आयुक्त ओम प्रकाश गुप्ता ने मामले पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि बुधवार को पूरे राज्य में अवैध होर्डिंग और बैनर हटाने का अभियान चलाया गया था। इसी अभियान के तहत डिस्ट्रिक्ट मोड़ से इंद्रपुरी चौक तक अवैध होर्डिंग्स हटाए गए। नगर आयुक्त के मुताबिक, इसी क्रम में छठ पूजा फल वितरण समिति का होर्डिंग भी हटाया गया। इसके पीछे किसी की धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने का उद्देश्य नहीं था। उन्होंने पूरे मामले पर खेद जताया है।

सांसद मनीष जायसवाल ने की कार्रवाई की मांग

हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल ने भी नगर निगम की कार्रवाई पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि छठ पूजा से जुड़े पोस्टर को फाड़ना किसी भी तरह से उचित नहीं है। गुरुकुल के आचार्य के साथ निगम प्रबंधन के व्यवहार को भी उन्होंने पूरी तरह गलत बताया। सांसद ने बैनर फाड़ने वाले लोगों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने कहा कि आचार्य के साथ गलत व्यवहार करने वाले लोगों को उनसे माफी मांगनी चाहिए।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.