रांची : राजधानी रांची में वाटर मीटर चोरी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इसको लेकर रांची नगर निगम ने शहर के लोगों के लिए आम सूचना जारी की है। निगम ने लोगों से अपील की है कि जल कनेक्शन देने या वाटर मीटर से जुड़ा कोई काम करने के नाम पर अगर कोई व्यक्ति उनके घर पहुंचे, तो बिना पहचान जांचे उसे घर में प्रवेश न करने दें।
Read More : रांची में 22 नवंबर को निकलेगी गुरु नानक देव जी की शोभायात्रा, निगम अलर्ट
रांची नगर निगम की जलापूर्ति शाखा की ओर से आज यानी गुरुवार को जारी सूचना में बताया गया है कि वाटर मीटर चोरी से जुड़े कई आवेदन कार्यालय को मिल रहे हैं। इस वजह से आम लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
निगमकर्मी बनकर घर पहुंचने वालों से रहें सावधान
नगर निगम ने साफ कहा है कि अगर कोई व्यक्ति खुद को रांची नगर निगम का प्रतिनिधि बताकर घर आता है, तो सबसे पहले उसका पहचान पत्र यानी ID कार्ड जरूर जांचें। चाहे वह जल कनेक्शन देने की बात करे या वाटर मीटर से जुड़ा कोई काम करने पहुंचे, उसकी पहचान की पुष्टि किए बिना उसे घर में प्रवेश न करने दें।
फोन करके भी कर सकते हैं पहचान की पुष्टि
नगर निगम ने लोगों को सलाह दी है कि केवल ID कार्ड देखकर ही भरोसा न करें, बल्कि संबंधित व्यक्ति की पहचान की पुष्टि खुद भी करें। इसके लिए नगर निगम के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 18005701235 पर फोन कर सकते हैं। निगम ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को निगम का कर्मचारी समझकर घर में प्रवेश न दें।
उप नगर आयुक्त ने जारी की आम सूचना
यह सूचना रांची नगर निगम की जलापूर्ति शाखा की ओर से पत्रांक 956/WSS के तहत 19 नवंबर 2026 को जारी की गई है। इस पर उप नगर आयुक्त, रांची नगर निगम के हस्ताक्षर हैं। नगर निगम का कार्यालय कचहरी रोड, रांची-834001 में स्थित है। किसी भी तरह की जानकारी के लिए निगम के ईमेल आईडी support@ranchimunicipal.com पर भी संपर्क किया जा सकता है। नगर निगम ने लोगों से सतर्क रहने और वाटर मीटर चोरी की घटनाओं से बचने के लिए पहचान की जांच जरूर करने की अपील की है।






