दुमका : झारखंड के दुमका जिले में खाना खाने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। हंसडीहा थाना क्षेत्र के सिलठा गांव में आज यानी गुरुवार को 25 वर्षीय महेश मांझी की कुदाल से वार कर हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने मृतक के पिता गोवर्धन मांझी और मां फूलो देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। मिली जानकारी के अनुसार घर में खाना खाने को लेकर महेश और उसकी मां के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान मामला बढ़ गया और पिता ने बेटे पर कुदाल से हमला कर दिया।
Read More : रांची-रामगढ़ मुख्य मार्ग पर हादसा, ट्रेलर से टकराया ट्रक, दो घायल
खाना फेंकने के बाद मां से करने लगा मारपीट
मृतक की मां फूलो देवी के अनुसार, उन्होंने महेश को खाना निकालकर दिया था। लेकिन महेश ने खाना फेंक दिया। इसके बाद वह अपनी मां के साथ मारपीट करने लगा। बेटे को मां के साथ मारपीट करते देख पिता गोवर्धन मांझी का गुस्सा भड़क गया। आरोप है कि उन्होंने घर में रखी कुदाल उठाकर महेश के सिर पर जोरदार वार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण महेश की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने माता-पिता को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही हंसडीहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेज दिया। पुलिस ने मृतक के पिता गोवर्धन मांझी और मां फूलो देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के पीछे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। हंसडीहा थाना प्रभारी अजीत कुमार यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।






