रांची में 21 नवंबर से अस्मिता वुशु स्टेट टूर्नामेंट, 500 खिलाड़ी लेंगे भाग

रांची : झारखंड में महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और उनकी प्रतिभा को मंच देने के लिए 21 नवंबर से अस्मिता वुशु स्टेट टूर्नामेंट-2026 का आयोजन होगा। खेलो इंडिया के तहत आयोजित यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 24 नवंबर तक ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव इंडोर स्टेडियम, मेगा

स्टेट टूर्नामेंट

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : झारखंड में महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और उनकी प्रतिभा को मंच देने के लिए 21 नवंबर से अस्मिता वुशु स्टेट टूर्नामेंट-2026 का आयोजन होगा। खेलो इंडिया के तहत आयोजित यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 24 नवंबर तक ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव इंडोर स्टेडियम, मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, होटवार में चलेगी। इसमें झारखंड के विभिन्न जिलों से करीब 500 खिलाड़ी, प्रशिक्षक, तकनीकी अधिकारी और अन्य पदाधिकारी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आज यानी बुधवार को झारखंड वुशु संघ की विशेष बैठक में आयोजन की रूपरेखा, खिलाड़ियों की सुविधाओं, तकनीकी व्यवस्था और विभिन्न समितियों की जिम्मेदारियों पर चर्चा हुई। इस अवसर पर भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के झारखंड एवं बिहार प्रभारी करण साधवानी भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।

Read More : विदेश में राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर साधा निशाना, बोले- बेरोजगारी से युवा परेशान

महिला सशक्तीकरण का मंच बनेगा अस्मिता टूर्नामेंट

अस्मिता का पूरा नाम Achieving Sports Milestone by Inspiring Women Through Action है। इसका उद्देश्य महिलाओं को खेलों के लिए प्रेरित करना और उन्हें खेल के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करने का अवसर देना है। यह युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की खेलो इंडिया के तहत महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से बेटियों और महिलाओं को खेलों से जोड़ने, उनकी प्रतिभा पहचानने और प्रतियोगिताओं के जरिए आगे बढ़ने का मौका दिया जाता है। झारखंड जैसे खेल प्रतिभाओं से समृद्ध राज्य में इस प्रतियोगिता का विशेष महत्व है। इसके माध्यम से महिला वुशु खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने, पदक जीतने और भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता का आयोजन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाएगा। इसके लिए विशेष तकनीकी व्यवस्था की जा रही है। निष्पक्ष और सुचारु संचालन के लिए दिल्ली से विशेष तकनीकी टीम रांची पहुंचेगी। प्रतियोगिता की सभी गतिविधियों का सीधा प्रसारण किया जाएगा, ताकि देशभर के खेल प्रेमी भी इस आयोजन से जुड़ सकें।

40 तकनीकी अधिकारी संभालेंगे जिम्मेदारी

प्रतियोगिता निदेशक शिवेंद्र दुबे ने बताया कि आयोजन के सफल संचालन के लिए करीब 40 तकनीकी अधिकारियों की सेवाएं ली जाएंगी। इनका चयन विशेष तकनीकी प्रशिक्षण सेमिनार के आधार पर किया जा रहा है। प्रतियोगिता को राष्ट्रीय स्तर के निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप संपन्न कराने की तैयारी है। प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाड़ियों का वजन वर्ग निर्धारण के लिए 20 नवंबर की शाम और 21 नवंबर की सुबह किया जाएगा। 21 नवंबर को सुबह 9 बजे सभी टीम प्रबंधकों और प्रशिक्षकों की बैठक होगी। इसके बाद टूर्नामेंट शुरू होगा। प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन समारोह उसी दिन दोपहर 3 बजे आयोजित किया जाएगा। वहीं, 24 नवंबर को दोपहर 3 बजे समापन समारोह और पुरस्कार वितरण कार्यक्रम होगा।

विटालिया हॉस्पिटल संभालेगा चिकित्सा व्यवस्था

खिलाड़ियों की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थल पर विशेष चिकित्सा व्यवस्था की गई है। विटालिया हॉस्पिटल इस प्रतियोगिता का चिकित्सा सहयोगी होगा। अस्पताल के निदेशक डॉ. बीके माहेश्वरी ने इसके लिए सहमति दी है। उनकी पूरी चिकित्सा टीम प्रतियोगिता के दौरान आयोजन स्थल पर मौजूद रहेगी, ताकि आपातकालीन स्थिति में खिलाड़ियों को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सके। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के आवासन की व्यवस्था मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स परिसर में की गई है। वहीं, तकनीकी अधिकारियों के ठहरने का इंतजाम होटल बालाजी, टाटी सिलवे में किया गया है। पूरे आयोजन का कार्यक्रम प्रबंधन और संचालन डिवाइन स्पोर्ट्स कंपनी करेगी। खास बात यह है कि प्रतियोगिता पूरी तरह निःशुल्क होगी। खिलाड़ियों से किसी प्रकार का प्रवेश या प्रतियोगिता शुल्क नहीं लिया जाएगा।

आयोजन समिति की बैठक में कई पदाधिकारी हुए शामिल

प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर बुधवार को अपराह्न 4 बजे झारखंड ओलंपिक संघ के कार्यालय में आयोजन समिति की विशेष बैठक भी हुई। इसमें रांची के आयोजन समिति के सदस्यों और संबंधित पदाधिकारियों से आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय योगदान देने की अपील की गई। बैठक में चंचल भट्टाचार्य, डॉ. कविता सिंह, मिथिलेश साहू, उदय साहू, शैलेन्द्र दुबे, सुनील सूर्यात, मनोज महतो, विभूति भूषण अमर, आशीष गोप, दीपक गोप, प्रतिमा कुमारी, खुशबू सिंह, अमासी बारला, रत्नेश गुप्ता, संजय मंडल, राजकुमार जैन, संजय जैन, बासुदेव टोप्पो, दुल्ला किसपोट्टा, निशांत तिर्की, लक्ष्य सोरेन, विमला टोप्पो, सुशांति टोपनो, कार्तिक राम, आशीष, ध्रुव, अमन और हर्ष सहित अन्य लोग मौजूद थे।

रिन्यूएबल पावर इंडिया भी करेगा सहयोग

प्रतियोगिता के सफल आयोजन और संचालन में रिन्यूएबल पावर इंडिया की पूरी टीम आयोजन समिति के साथ मिलकर सहयोग करेगी। झारखंड वुशु संघ ने खेल प्रेमियों, खेल संगठनों और खेल से जुड़े सभी लोगों से प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है। झारखंड वुशु संघ के सचिव शैलेन्द्र नाथ दुबे ने विश्वास जताया कि यह प्रतियोगिता राज्य की महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण मंच देगी और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के लिए प्रेरित करेगी।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *