धनबाद : जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र के गोलमारा जंगल में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक पेड़ से लापता युवक का कंकाल लटकता हुआ मिला। कंकाल की हालत इतनी खराब थी कि शव पूरी तरह सड़-गल चुका था। यहां तक कि कमर के नीचे का हिस्सा भी गायब था। घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कंकाल को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान गोलमारा निवासी अनूप कुमार सिंह के रूप में हुई है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने कपड़े, चप्पल, सिर के बाल और हाथ में पहने कड़े को देखकर उनकी पहचान की। बताया जा रहा है कि कंकाल काफी पुराना होने के कारण उसकी हालत बेहद खराब हो चुकी थी।
Read More : 22 नवंबर को मनेगा झारखंड विस का स्थापना समारोह, CM हेमंत आमंत्रित
31 अक्टूबर से लापता थे अनूप कुमार सिंह
मिली जानकारी के अनुसार अनूप कुमार सिंह 31 अक्टूबर की दोपहर से अचानक लापता थे। वह एक मोबाइल सिम कंपनी में काम करते थे। उनके गायब होने के बाद परिवार के लोग लगातार उनकी तलाश कर रहे थे। परिजनों ने इस संबंध में थाने में गुमशुदगी की शिकायत भी दर्ज कराई थी। परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, अनूप पर कुछ कर्ज भी था। हालांकि, कर्ज का उनकी मौत से कोई संबंध है या नहीं, इसकी अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस इस मामले में सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
जंगली जानवरों ने नुकसान पहुंचाया?
बेलगड़िया टीओपी प्रभारी इरफान अंसारी ने बताया कि गोलमारा जंगल में एक पेड़ से शव लटके होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो शव पूरी तरह सड़ चुका था और उसका केवल ऊपरी हिस्सा कंकाल के रूप में बचा था। पुलिस अधिकारियों को आशंका है कि युवक की मौत काफी पहले हुई होगी। शव का निचला हिस्सा जंगली जानवरों ने खा लिया होगा। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही अनूप कुमार सिंह की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।






