जम्मू-कश्मीर: कुलगाम में लश्कर के आखिरी ज्ञात सक्रिय स्थानीय आतंकी लतीफ भट के मारे जाने पर अमित शाह ने सुरक्षाबलों की सराहना की। उन्होंने इसे एजेंसियों के बेहतर तालमेल का नतीजा बताया। भाजपा नेता रविंदर रैना के मुताबिक, लतीफ ने आत्मसमर्पण नहीं किया और भागने की कोशिश में मारा गया।
‘केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के आखिरी ज्ञात सक्रिय स्थानीय आतंकवादी लतीफ भट के मारे जाने पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि बुधवार तड़के चलाए गए अभियान में सुरक्षा बलों ने लतीफ भट को मार गिराया। वहीं, उसका एक आतंकी सहयोगी उमर निसार भी इससे एक दिन पहले कुलगाम में मारा गया था।
अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि इस पूरे अभियान को जम्मू-कश्मीर पुलिस (जेकेपी), भारतीय सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और खुफिया एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से अंजाम दिया गया। गृह मंत्री ने कहा कि पूरे ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहद उच्च स्तर का तालमेल देखने को मिला। उन्होंने जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के बहादुर जवानों को सलाम करते हुए कहा कि देश उनके साहस को नमन करता है।
मालूम की आज बुधवार की सुबह आतंकी लतीफ भट को सुरक्षाबलों ने बार-बार आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उसने मना कर दिया। सुबह सुरक्षा बलों ने आतंकी को वीडियो कॉल भी किया था। अफसरों ने आतंकी लतीफ से सरेंडर करने के लिए कहा था। सामने आए वीडियो में एक अधिकारी को भट से यह कहते हुए सुना गया, ‘हम तुम्हारे साथ हैं।’
हालांकि, उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया और कहा कि मुझे अल्लाह से मुलाकात करनी है। मैं बहुत खुश हूं। इसके बाद सुरक्षबलों की कार्रवाई में आतंकी मारा गया। इस ऑपरेशन के दौरान मस्जिद को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। बता दें कि भट का साथी, उमर निसार डार, इससे पहले सोमवार को कुलगाम में हुई एक मुठभेड़ में मारा गया था। निसार और लतीफ 11 नवंबर को CRPF (केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल) की एक चौकी पर हुए हमले में शामिल थे।






