रांची : राजधानी रांची के प्रसिद्ध बड़ा तालाब से बुधवार सुबह एक बुजुर्ग का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान ग्वाला टोली निवासी 70 वर्षीय शाहिद अख्तर गद्दी के रूप में हुई है। वे रांची के जाने-माने बिल्डर साहब अली के भाई थे। मिली जानकारी के अनुसार शाहिद अख्तर पिछले तीन दिनों से अपने घर से लापता थे। परिजन उनकी लगातार तलाश कर रहे थे। इस संबंध में पुलिस को भी सूचना दी गई थी।
Read More : स्कूल जा रहे बच्चों से भरे ऑटो में लगी आग, सभी सुरक्षित
तीन दिनों से लापता थे शाहिद अख्तर
परिजनों की खोजबीन के दौरान आशंका जताई गई कि शाहिद अख्तर बड़ा तालाब की ओर गए होंगे। इसके बाद उनकी तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया गया। बुधवार सुबह तालाब में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इसी दौरान एनडीआरएफ की टीम ने पानी से उनका शव बरामद किया।
NDRF ने सर्च ऑपरेशन के दौरान निकाला शव
शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
हादसा या कोई और वजह, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शाहिद अख्तर की मौत महज एक हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।






