रांची: राजधानी रांची में चोरों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि अब अपार्टमेंट की पार्किंग में खड़ी गाड़ियां भी सुरक्षित नहीं हैं। ताजा मामला बूटी मोड़ स्थित संत तुलसी अपार्टमेंट का है, जहां पार्किंग में खड़ी एक स्कॉर्पियो गाड़ी चोरी हो गई। घटना के बाद वाहन मालिक परेशान हैं और लगातार अपनी गाड़ी की तलाश कर रहे हैं।
अब तक चोरी हुई गाड़ी का कोई सुराग नहीं मिल पाया
मिली जानकारी के अनुसार, बीते 11 नवंबर को संत तुलसी अपार्टमेंट की पार्किंग से विकास कुमार की स्कॉर्पियो चोरी कर ली गई। घटना के बाद पीड़ित ने सदर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, कई दिन बीत जाने के बावजूद अब तक चोरी हुई गाड़ी का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पीड़ित विकास कुमार का कहना है कि उन्होंने काफी मेहनत और फाइनेंस के जरिए स्कॉर्पियो खरीदी थी। ऐसे में गाड़ी चोरी हो जाने से उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक जयराम महतो से लगाई मदद की गुहार
गाड़ी बरामद नहीं होने से परेशान विकास कुमार मंगलवार को डुमरी विधायक जयराम महतो के आवास पहुंचे और उनसे मदद की गुहार लगाई। पीड़ित के मुताबिक, विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सदर थाना से बातचीत की है। इसके बाद पीड़ित को उम्मीद है कि पुलिस मामले में तेजी से कार्रवाई करेगी और उनकी चोरी हुई स्कॉर्पियो जल्द बरामद हो सकेगी।
अपार्टमेंट की पार्किंग की सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर राजधानी के अपार्टमेंट और आवासीय परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि जब अपार्टमेंट की पार्किंग में खड़ी गाड़ियां ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोग अपनी संपत्ति की सुरक्षा को लेकर किस पर भरोसा करें? फिलहाल पीड़ित को अपनी स्कॉर्पियो की बरामदगी का इंतजार है।
also read : गोपाष्टमी पर गौ माता की पूजा-अर्चना: निराश्रित प्रभुजनों ने गौ सेवा कर लिया आशीर्वाद





