कोडरमा : झारखंड के कोडरमा जिले में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। रात होते ही चोर घरों को निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला सदर थाना इलाके के नगरखारा स्थित कलाली रोड का है। यहां शनिवार की अहले सुबह चोरों ने एक साथ तीन घरों में घुसकर चोरी की कोशिश की। इस दौरान चोर एक घर से नकदी और नए कपड़े लेकर फरार हो गए। वहीं, एक घर में महिला के साथ मारपीट करने की भी कोशिश की गई। घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है।
महिला के कमरे में घुसा चोर, मुंह दबाकर किया हमला
पीड़िता अनिता देवी ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 3 बजे वह अपने कमरे में सो रही थीं। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति अचानक उनके कमरे में घुस आया। आहट सुनकर उनकी नींद खुल गई। इससे पहले कि वह कुछ समझ पातीं, चोर ने उनका मुंह दबा दिया। अनिता देवी ने खुद को छुड़ाने की काफी कोशिश की और शोर मचाने लगीं। इसी बीच उनका बेटा जाग गया। जैसे ही उसने अपने कमरे का दरवाजा खोला, उसकी आहट सुनकर चोर घबरा गया। वह अपने साथ लाया धारदार चाकू वहीं फेंककर मौके से फरार हो गया। इसके बाद अनिता देवी के परिजनों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को जगाया। आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग उनके घर पहुंच गए।
सूटकेस से नए कपड़े और 5 हजार रुपये गायब
इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले बंटी राणा भी जाग गए। उन्होंने देखा कि उनके कमरे में रखा सूटकेस गायब है। घर के बाहर निकलने पर उन्हें पीछे स्थित खेत में सूटकेस लावारिस हालत में पड़ा मिला। जब उन्होंने सूटकेस की जांच की तो उसमें रखे सभी नए कपड़े और नकद 5 हजार रुपये गायब मिले। चोर सूटकेस को खेत में छोड़कर उसमें रखी कीमती सामग्री लेकर फरार हो गए थे।
घर में घुसे चोर को देखकर छत से कूदकर भागा बदमाश
पड़ोस में रहने वाले विशाल सिंह ने बताया कि चोर-चोर का शोर सुनकर उनकी भी नींद खुल गई। जब वह अपने कमरे से बाहर निकले तो देखा कि एक अज्ञात व्यक्ति उनके घर के अंदर मौजूद था। विशाल सिंह को देखते ही चोर छत की ओर भागा और पीछे से कूदकर फरार हो गया। उन्होंने बताया कि समय रहते नींद खुल जाने से उनके घर में चोरी की घटना टल गई।
पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
एक ही मोहल्ले के तीन घरों में चोरों की घुसपैठ से स्थानीय लोगों में दहशत है। मोहल्ले के लोगों ने पुलिस से रात के समय विशेष गश्ती बढ़ाने की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही कोडरमा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस पीड़ित परिवारों से पूछताछ कर रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।






