हजारीबाग : झारखंड के हजारीबाग जिले के बरही में शुक्रवार शाम अपराधियों ने AK पैलेस होटल को निशाना बनाया। अपाचे बाइक पर सवार दो अपराधियों ने होटल पर अंधाधुंध फायरिंग की और मौके पर एक पर्चा फेंककर फरार हो गए। पर्चे पर ‘महाकाल राहुल दुबे गैंग’ का नाम लिखा हुआ है। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन इलाके में दहशत फैल गई।
Read More : MP के खंडवा और खरगोन में भूकंप, रिक्टर स्केल पर 4.5 रही तीव्रता
फायरिंग की सूचना मिलते ही बरही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से पर्चा जब्त कर जांच शुरू कर दी है। पर्चे पर गैंग का नाम मिलने के बाद उसकी संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले हजारीबाग के AK इंटरनेशनल होटल पर भी इसी तरह फायरिंग हुई थी। उस घटना की जिम्मेदारी भी इसी गैंग ने ली थी।
10 दिन पहले होटल संचालक को मिली थी धमकी
AK पैलेस होटल के संचालक वीरेंद्र रजक ने बताया कि घटना से करीब 10 दिन पहले उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से धमकी मिली थी। उनके मुताबिक, केदार यादव नामक व्यक्ति ने होटल को लेकर उन्हें देख लेने की चेतावनी दी थी। वीरेंद्र रजक ने आशंका जताई कि इसी धमकी के बाद होटल पर फायरिंग कराई गई। उन्होंने इस वारदात में केदार यादव की भूमिका होने की भी आशंका व्यक्त की है। केदार यादव पिछले विधानसभा चुनाव में बरही सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ चुके हैं। फिलहाल उनके कांग्रेस से जुड़े होने की जानकारी दी गई है। हालांकि, फायरिंग में उनकी भूमिका की पुलिस ने पुष्टि नहीं की है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, संभावित ठिकानों पर छापेमारी
बरही के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राधा प्रेम किशोर ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने बताया कि अपराधियों की पहचान के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है। जब्त पर्चे की सत्यता और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अधिकारी ने जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।






