खंडवा : मध्य प्रदेश के खंडवा और आसपास के इलाकों में आज यानी शनिवार की सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। सुबह करीब 9 बजकर 15 मिनट पर अचानक धरती हिलने लगी, जिससे लोगों में हड़कंप मच गया। भूकंप के झटके महसूस होते ही कई लोग घरों से बाहर निकल आए। बताया जा रहा है कि भूकंप का केंद्र खरगोन जिले के धौलकोट-कुंडिया इलाके में था। मिली जानकारी के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.5 मापी गई है। इसका केंद्र खंडवा जिला मुख्यालय से करीब 88 किलोमीटर दूर था। वहीं, भूकंप का केंद्र जमीन के अंदर करीब 10 किलोमीटर की गहराई में बताया जा रहा है।
सुबह 9:15 बजे महसूस हुए झटके, लोगों में हलचल
कृषि एवं मौसम विशेषज्ञ डॉ. सौरव गुप्ता के अनुसार, 14 नवंबर 2026 को सुबह 9 बजकर 15 मिनट 28 सेकेंड पर भूकंप आया। उन्होंने इसकी तीव्रता हल्की श्रेणी की बताई। खंडवा के आसपास के इलाकों में भी लोगों ने झटके महसूस किए। अचानक धरती कांपने से लोग घबरा गए और घरों से बाहर निकल आए। डॉ. गुप्ता ने लोगों को अगले दो से तीन दिनों तक सजग और सतर्क रहने की सलाह दी है। हालांकि, भूकंप को लेकर प्रशासन की आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
इन इलाकों में भी महसूस किए गए भूकंप के झटके
शनिवार सुबह कसरावद, झिरनिया, चैनपुर, खलबुजुर्ग और गोगांव समेत आसपास के क्षेत्रों में भी लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए। खरगोन के एसडीएम सत्येंद्र बैरवा ने बताया कि शनिवार सुबह क्षेत्र के कई स्थानों से भूकंपन की सूचना मिली है। संबंधित भूकंप मापी केंद्र से इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।






