गिरिडीह में अंधविश्वास के शक में आदिवासी महिला की हत्या, SDPO ने शुरू की जांच

गिरिडीह : जिले के मुफस्सिल थाना इलाके के बासाबूदा गांव में बीती रात एक आदिवासी अधेड़ महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। परिजनों का आरोप है कि गोतिया के लोगों ने महिला पर डायन-बिसाही का आरोप लगाया और फिर धारदार हथियार से हमला

आदिवासी
हत्या के बाद घटनास्थल पर पड़ा महिला का शव

अपनी भाषा में पढ़ें

गिरिडीह : जिले के मुफस्सिल थाना इलाके के बासाबूदा गांव में बीती रात एक आदिवासी अधेड़ महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। परिजनों का आरोप है कि गोतिया के लोगों ने महिला पर डायन-बिसाही का आरोप लगाया और फिर धारदार हथियार से हमला कर उसकी जान ले ली। हैरानी की बात यह है कि वारदात के वक्त महिला की पोती भी वहां मौजूद थी। घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. बिमल के निर्देश पर SDPO जीतबाहन उरांव पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उनके साथ अवर निरीक्षक संजय कुमार और गौतम कुमार के अलावा सहायक अवर निरीक्षक राहुल सिंह और सुबोध कुमार दास भी मौजूद थे। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और हत्या के पीछे की असली वजह का पता लगाने में जुटी है।

बच्चे की मौत के बाद महिला पर लगाया डायन-बिसाही का आरोप

मृतका के पति ने बताया कि उनके गोतिया के एक बच्चे की बीमारी से मौत हो गई थी। इसके बाद शुक्रवार रात गोतिया के लोग अपने परिवार के सदस्यों के साथ उनके घर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने पति-पत्नी को घर से बाहर निकाला और दोनों की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान महिला पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पति ने बताया कि हमलावरों ने उनकी भी पिटाई की।

पोती के सामने दादी की हत्या

मृतका की पोती ने बताया कि गोतिया के दादा और चाचा लगने वाले लोग घर आए थे। उनके परिवार में एक बच्चे की मौत हो गई थी। इसके बाद वे उसकी दादी और दादा को घर से खींचकर बाहर ले गए और मारपीट करने लगे। पोती के अनुसार, उसकी आंखों के सामने दादी की जान ले ली गई। उसने आरोप लगाया कि गोतिया के लोगों ने उसकी दादी को डायन कहकर मार डाला।

SDPO बोले, सभी बिंदुओं पर हो रही जांच

SDPO सदर जीतबाहन उरांव ने मीडिया को बताया कि एक अधेड़ महिला की हत्या की गई है। डायन-बिसाही का आरोप लगाकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर आरोप लगे हैं, उनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। शव के पोस्टमार्टम की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

पंचायत समिति सदस्य ने भी जताई चिंता

पंचायत समिति सदस्य विकास तिवारी ने बताया कि उनके पंचायत की एक अधेड़ महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। डायन-बिसाही का आरोप लगाकर महिला की जान लेने की बात सामने आई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस आरोपों की जांच और संदिग्धों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *