सोलापुर : महाराष्ट्र के सोलापुर एयरपोर्ट पर आज यानी गुरुवार को टेक-ऑफ के दौरान एक ट्रेनिंग विमान रनवे से फिसलकर बाहर निकल गया। घटना के बाद एयरपोर्ट पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गयी। हालांकि, राहत की बात यह रही कि विमान में सवार महिला ट्रेनी पायलट को खरोंच तक नहीं आयी और एक बड़ा हादसा टल गया। मिली जानकारी के अनुसार महिला ट्रेनी पायलट अपनी फ्लाइट ट्रेनिंग के तहत विमान उड़ाने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान टेक-ऑफ के लिए विमान की रफ्तार बढ़ायी जा रही थी, तभी कथित तौर पर उसका संतुलन बिगड़ गया और वह विमान पर से नियंत्रण खो बैठी। इसके बाद विमान रनवे से फिसलकर किनारे की तरफ निकल गया।
Read More : फुटबॉल के बाद अब टीवी पर दिखेंगे रोनाल्डो, ‘डे 1s’ का ऐलान
घटनास्थल की तस्वीरों में विमान का अगला हिस्सा नीचे की ओर झुका हुआ दिखाई दे रहा है। बताया जाता है कि यह विमान एक फ्लाइंग क्लब द्वारा संचालित था और दोपहर करीब ढाई बजे उड़ान भरते समय रनवे की पक्की सतह से बाहर निकल गया।
#Solapur: सोलापूर विमानतळावर गुरुवारी दुपारी साडेदोनच्या सुमारास प्रशिक्षणार्थी विमान घसरल्याची प्राथमिक माहिती समोर आली आहे.
घटनेची माहिती मिळताच जिल्हा प्रशासन, पोलीस आणि रुग्णवाहिका घटनास्थळी दाखल झाल्या आहेत.
#SolapurAirport #AircraftIncident #TraineeAircraft #MaharashtraNews
— AIR News Mumbai, आकाशवाणी मुंबई (@airnews_mumbai) November 12, 2026
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और बचाव टीम
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन दल, एंबुलेंस और पुलिसकर्मी एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट अधिकारियों ने भी तत्काल कार्रवाई की। महिला ट्रेनी पायलट के सुरक्षित होने की पुष्टि के बाद अधिकारियों और मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
जांच के बाद सामने आएगी हादसे की वजह
फिलहाल एयरक्राफ्ट के रनवे से फिसलने की सही वजह स्पष्ट नहीं है। शुरुआती जानकारी में पायलट के नियंत्रण खोने की बात सामने आई है, लेकिन तकनीकी खराबी या किसी अन्य कारण की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। घटना की वास्तविक वजह आधिकारिक जांच के बाद ही सामने आएगी। वहीं, सोलापुर एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से अब तक इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। ऐसे में विमान को हुए नुकसान और घटना के बाद की गई कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।



