जमशेदपुर : जमशेदपुर में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने आदिवासी समाज को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद करीब 50 सालों तक आदिवासी समाज की किसी ने सुध नहीं ली। इस समाज को सिर्फ वोट बैंक समझकर इस्तेमाल किया गया। अर्जुन मुंडा ने 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने के केंद्र सरकार के फैसले को गर्व की बात बताया। गुरुवार को जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित निर्मल गेस्ट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने आदिवासी समाज के इतिहास, संस्कृति, हक-अधिकार और विकास से जुड़े कई मुद्दे उठाये। इस दौरान उन्होंने विपक्ष के साथ-साथ राज्य सरकार को भी जमकर घेरा और कई सवाल खड़े किये।
Read More : रांची में 24 स्थानों पर विकसित होंगे ग्रीन पैच, बढ़ेगी शहर की हरियाली
अर्जुन मुंडा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस घोषित कर आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों को राष्ट्रीय पहचान और सम्मान दिलाने की ऐतिहासिक पहल की है। यह दिवस आदिवासी समाज के संघर्ष, बलिदान, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को सम्मान देने का अवसर है।
आदिवासी की सांस्कृतिक पहचान बचाने की जरूरत
पूर्व मुख्यमंत्री ने आदिवासी भाषाओं, परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान के संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की विशिष्ट जीवनशैली, रीति-रिवाज, परंपराओं और भाषाओं को बचाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि आदिवासी बच्चों को उनकी मातृभाषा में प्राथमिक शिक्षा उपलब्ध कराने से उनकी समझ और शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर हो सकती है। जनजातीय भाषाओं और साहित्य का संरक्षण केवल भाषा बचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे आदिवासी समाज की पहचान, इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
अर्जुन मुंडा ने कहा कि जनजातीय समाज को केवल सरकारी योजनाओं का लाभार्थी बनाकर नहीं रखना चाहिए। देश के विकास और निर्णय लेने की प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस अतीत के बलिदानों को नमन करने, वर्तमान में अधिकार सुनिश्चित करने और आने वाली पीढ़ियों को अपनी गौरवशाली विरासत सौंपने का संकल्प लेने का अवसर है।
केंद्र सरकार ने आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों को दिया सम्मान
अर्जुन मुंडा ने कहा कि दशकों तक इतिहास की पुस्तकों में बाबा तिलका मांझी, सिदो-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो, पोटो हो, तेलंगा खड़िया, नीलांबर-पीतांबर और टाना भगत जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान को अपेक्षित स्थान नहीं मिल पाया। उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस घोषित होने से आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान और सम्मान मिला है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को इस दिवस के रूप में मनाना आदिवासी समाज के इतिहास और योगदान को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
आदिवासी समाज के विकास के बिना विकसित भारत अधूरा
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल अतीत के गौरव को याद करने का दिन नहीं है। यह आदिवासी समाज को सम्मान, अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और विकास के समान अवसर उपलब्ध कराने का संकल्प लेने का भी अवसर है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के सर्वांगीण विकास के बिना विकसित भारत की कल्पना अधूरी है। इसलिए जनजातीय समाज की भागीदारी, सांस्कृतिक पहचान और अधिकारों को प्राथमिकता देना जरूरी है।


