रांची : रांची में छठ पूजा को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने कमर कस ली है। घाटों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए 15 और 16 नवंबर के लिए खास ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। इन दो दिनों में शहर के कई बड़े रास्तों पर गाड़ियों की आवाजाही में बदलाव रहेगा। भारी मालवाहक गाड़ियों के शहर में घुसने पर पूरी तरह रोक रहेगी। वहीं, कई छठ घाटों की ओर जाने वाले रास्तों पर छोटी-बड़ी सभी गाड़ियों का आना-जाना बंद रहेगा। इसको लेकर रांची के ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने जरूरी निर्देश जारी कर दिये हैं। वहीं, छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी न हो, इसके लिए शहर में 13 जगहों पर पार्किंग की व्यवस्था भी की गयी है। यानी घाट जाने वाले लोगों को अपनी गाड़ियां तय जगहों पर ही खड़ी करनी होंगी।
Read More : ट्रेन की चपेट में आने से टाटा मोटर्स कर्मी की मौत, जांच जारी
15 और 16 नवंबर को भारी वाहनों की नो एंट्री
ट्रैफिक एसपी कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, 15 नवंबर को सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक और 16 नवंबर को सुबह 2 बजे से सुबह 10 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों का रांची शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि, भारी वाहन रिंग रोड से होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। वहीं, 15 नवंबर को दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक छोटे मालवाहक वाहनों के प्रवेश और परिचालन पर भी रोक रहेगी।
छठ घाटों की ओर जाने वाले इन रास्तों पर प्रतिबंध
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को देखते हुए 15 नवंबर को दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इनमें चांदनी चौक कांके से राम मंदिर के बीच दोनों ओर का मार्ग शामिल है। इसके अलावा फिरायालाल से चडरी तालाब और जेल चौक से फिरायालाल जाने वाली सड़क पर भी वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। इन मार्गों पर भी रहेगी रोक :
-
कचहरी चौक से राजभवन की ओर जाने वाली सड़क।
-
सीएमपीडीआई चौक से कांके डैम जाने वाली सड़क।
-
ओढ़नू बाबा आश्रम से बड़ा तालाब जाने वाला मार्ग।
-
जैन मंदिर एवं महिला मारवाड़ी कॉलेज से बड़ा तालाब जाने वाली सड़क।
-
लक्ष्मीनारायण मंदिर से ओढ़नू बाबा आश्रम जाने वाला रास्ता।
-
जुडिशियल अकादमी एवं सिठियो बस्ती (अंजली होटल) से धुर्वा डैम छठ घाट जाने वाली सड़क।
इन सभी मार्गों पर निर्धारित समय के दौरान सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।
13 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था
छठ घाटों पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को वाहन पार्क करने में परेशानी न हो, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने 13 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था निर्धारित की है। प्रमुख पार्किंग स्थलों में रणधीर वर्मा चौक से हटिया तालाब जाने वाले रास्ते पर नगर निगम पार्क के सामने सड़क किनारे, एसएसपी आवास चौक से हटिया तालाब जाने वाले मार्ग और जाविक ग्रीन पार्क से हटिया तालाब जाने वाले रास्ते पर निर्धारित स्थान शामिल हैं। इसी तरह राम मंदिर से कांके डैम जाने वाले मार्ग पर सीएमपीडीआई चौक, गांधी नगर और रॉक गार्डन में वाहन पार्क किए जा सकेंगे। शालीमार बाजार से छठ तालाब जाने वाले रास्ते पर शालीमार बाजार और शहीद मैदान से छठ तालाब जाने वाले मार्ग पर शहीद मैदान में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा जेल चौक के पास भगवान बिरसा मुंडा के पास, लालपुर यातायात थाना के नजदीक, सजना चौक से बड़ा तालाब जाने वाले मार्ग पर सजना चौक और फिरायालाल के बीच बने पार्किंग स्थल पर भी वाहन खड़े किए जा सकेंगे। चुटिया से स्वर्णरेखा नदी जाने वाले मार्ग पर सरस्वती शिशु मंदिर के बगल में, धुर्वा तालाब और चुटिया में सड़क किनारे, किशोरगंज चौक से बड़ा तालाब जाने वाले मार्ग पर सड़क किनारे तथा देवेंद्र मांझी चौक के पास निवारणपुर में भी पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
जरूरत पड़ने पर अन्य रास्तों पर भी होगा बदलाव
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, आवश्यकता पड़ने पर शहर के दूसरे मार्गों पर भी कुछ समय के लिए वाहनों को डायवर्ट किया जा सकता है। कुछ सड़कों पर परिचालन अस्थायी रूप से बंद भी किया जा सकता है। इसका उद्देश्य छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को घाटों तक पहुंचने में सुविधा देना और शहर में जाम की स्थिति को रोकना है। रांची ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने की अपील की है। उन्होंने प्रतिबंधित रास्तों पर वाहन लेकर नहीं जाने और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने को कहा है, ताकि छठ पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।



