पलामू : मुंबई से गिरफ्तार झारखंड-बिहार के कुख्यात माओवादी कमांडर संजय यादव उर्फ संजय गोदराम को पलामू पुलिस ने जेल भेज दिया है। मुंबई में गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे चार दिनों की ट्रांजिट रिमांड पर लेकर पलामू पहुंची थी। यहां लाने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। हालांकि, पुलिस अभी उससे और पूछताछ करना चाहती है। इसके लिए पलामू पुलिस ने कोर्ट से दोबारा रिमांड मांगा है।
Read More : जामताड़ा में मेडिकल कॉलेज से 3 हजार युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य : इरफान अंसारी
मिली जानकारी के अनुसार संजय गोदराम झारखंड और बिहार में माओवादी संगठन का जोनल कमांडर रह चुका है। उस पर झारखंड सरकार ने 10 लाख रुपये, जबकि बिहार सरकार ने 3 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। दोनों राज्यों में उस पर 63 से ज्यादा बड़े नक्सली हमलों में शामिल रहने का आरोप है। संजय गोदराम पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के देवगन गांव का रहने वाला है। वह साल 2011 से ही नक्सली संगठन में सक्रिय था। पलामू एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि फिलहाल संजय गोदराम को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस उसे रिमांड पर लेकर फिर से पूछताछ करेगी।
संजय गोदराम की निशानदेही पर सर्च अभियान, हथियार बरामद
संजय गोदराम से मिली जानकारी और उसकी निशानदेही पर पलामू समेत झारखंड-बिहार के सीमावर्ती इलाकों में पुलिस सर्च अभियान चला रही है। इस दौरान हथियार और गोलियां बरामद होने की सूचना है। पलामू के महूदंड जंगल से पुलिस ने एक एसएलआर और 200 से अधिक गोलियां बरामद की हैं। बताया जाता है कि संजय गोदराम माओवादी दस्ते में एसएलआर लेकर चलता था। संगठन के हथियारों और गोला-बारूद के ठिकानों के बारे में भी उसे अहम जानकारी है। पुलिस इन जानकारियों के आधार पर अलग-अलग इलाकों में अभियान चला रही है। वर्ष 2011 के बाद से ही संजय गोदराम झारखंड और बिहार पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था। उस पर पहली बार 2014-15 में इनाम घोषित किया गया था। बाद में वर्ष 2018 में झारखंड सरकार ने इनाम की राशि बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दी थी।
दस्ता छोड़कर फरार हुआ था संजय, नितेश यादव से हुआ था विवाद
संजय यादव उर्फ संजय गोदराम मई 2025 में पुलिस और सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ के बाद माओवादी दस्ता छोड़कर फरार हो गया था। इस मुठभेड़ में माओवादियों का एरिया कमांडर तुलसी भुइयां मारा गया था। बताया जाता है कि गोतिया के साथ जमीन विवाद के बाद संजय गोदराम माओवादी दस्ते में शामिल हुआ था। दस्ते में टॉप कमांडर नितेश यादव के साथ उसका विवाद हो गया था। एक दिन जंगल में जब दस्ता सो रहा था, उसी दौरान संजय वहां से फरार हो गया। दस्ता छोड़ने के बाद वह मुंबई चला गया था। वहां शुरुआत में उसने एक धागा फैक्ट्री में काम किया, लेकिन काम नहीं आने के कारण उसे नौकरी से निकाल दिया गया। इसके बाद वह एक व्यक्ति के घर पहुंचा और वहां दूध दोहने का काम करने लगा। इसी बीच छतरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार के नेतृत्व में पुलिस की टीम मुंबई पहुंची और संजय गोदराम को गिरफ्तार कर पलामू ले आई।
अब नितेश यादव और मनोहर गंझू पुलिस के निशाने पर
संजय गोदराम की गिरफ्तारी को झारखंड पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। वह झारखंड-बिहार में माओवादी संगठन के प्रमुख चेहरों में शामिल रहा है। पूछताछ के दौरान उसने पलामू पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को कई अहम जानकारियां दी हैं। इन जानकारियों के आधार पर अब 15 लाख रुपये के इनामी नितेश यादव और 10 लाख रुपये के इनामी मनोहर गंझू को पुलिस ने निशाने पर लिया है। दोनों की तलाश में अभियान चलाया जा रहा है। नितेश यादव पर झारखंड और बिहार में 70 से अधिक बड़े नक्सली हमलों को अंजाम देने का आरोप है। फिलहाल उसे झारखंड-बिहार में माओवादी संगठन का सबसे बड़ा चेहरा बताया जा रहा है।



