रांची : रातू थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय इंटर की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना पर झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) ने संज्ञान लिया है। झारखंड हाईकोर्ट के न्यायाधीश सह झालसा के कार्यपालक अध्यक्ष सुजीत नारायण प्रसाद ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), रांची को पीड़िता और उसके परिवार से मिलकर तत्काल जरूरी सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
Read More : माओवादी संजय गोदराम की निशानदेही पर जंगल में सर्च ऑपरेशन, हथियार बरामद
10 नवंबर 2026 को अखबारों में प्रकाशित खबर के आधार पर झालसा के कार्यपालक अध्यक्ष ने यह कदम उठाया। उनके निर्देश पर न्यायायुक्त सह डालसा अध्यक्ष अनिल कुमार मिश्रा-1 ने डालसा सचिव को तत्काल टीम गठित कर पीड़िता और उसके परिवार को विधिक सहायता देने का निर्देश दिया। इसके बाद डालसा सचिव राकेश रौशन ने टीम गठित की। इसमें पीएलवी पूनम देवी और पुष्पलता देवी को शामिल किया गया है।
पीड़िता को मुफ्त कानूनी सहायता, मुआवजे की प्रक्रिया शुरू
डालसा सचिव राकेश रौशन ने पीड़िता और उसके परिवार से मुलाकात कर उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई। पीड़ित मुआवजा दिलाने के लिए पीड़िता से आवेदन भी लिया गया है। आगे की कार्रवाई के लिए आवेदन पीड़ित मुआवजा कमेटी को भेज दिया गया है। इसके अलावा रातू थाना क्षेत्र की पीएलवी को पीड़िता के सपोर्ट पर्सन के रूप में नियुक्त किया गया है। पीड़िता के परिवार को कानूनी सहायता देने के लिए डालसा की ओर से प्रो-बोनो अधिवक्ता ममता श्रीवास्तव को भी नियुक्त किया गया है। डालसा सचिव ने रातू थाना प्रभारी से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली। प्राधिकार की ओर से पीड़िता और उसके परिवार को आवश्यक कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की पहल की गई है।
ट्यूशन से लौटते समय छात्रा के साथ हुई थी वारदात
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, रातू थाना क्षेत्र की रहने वाली 18 वर्षीय इंटर की छात्रा शाम करीब 7:30 बजे ट्यूशन पढ़कर घर लौट रही थी। इसी दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर अज्ञात युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट भी की। इस घटना की खबर अखबारों में प्रकाशित होने के बाद झालसा के कार्यपालक अध्यक्ष ने मामले का संज्ञान लिया और पीड़िता को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।


