गिरिडीह : झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा की बैठक जमुआ प्रखंड के चतरो, देवरी में आयोजित की गई। बैठक में आंदोलनकारियों ने 15 नवंबर 2026 को रांची के बिरसा चौक पर अनिश्चितकालीन आमरण अनशन, धरना और प्रदर्शन करने का ऐलान किया। इसे ‘उलगुलान एक क्रांति का आगाज’ नाम दिया गया है। बैठक की अध्यक्षता जिला कार्यकारी अध्यक्ष लट्टू पांडेय ने की। इसमें झारखंड आंदोलनकारियों के लिए राजकीय मान-सम्मान, अलग पहचान, पेंशन, बाल-बच्चों के लिए रोजगार और नौकरी की गारंटी समेत कई मांगों पर चर्चा हुई।
Read More : जमशेदपुर के कदमा में बड़ी चोरी, 50 हजार नकद और गहने ले गए चोर
आंदोलनकारियों ने मांग की कि जेल जाने की बाध्यता समाप्त कर सभी आंदोलनकारियों को सम्मानजनक पेंशन दी जाए। इसके साथ ही 50-50 हजार रुपये पेंशन देने की मांग भी उठाई गई। बैठक में दिसोम गुरु शिबू सोरेन को झारखंड आंदोलनकारियों का सर्वोच्च सम्मान देने और इस संबंध में गजट नोटिफिकेशन जारी करने की मांग सरकार से की गई।
झारखंडियों का रोजगार और नौकरियों पर पहला अधिकार : पुष्कर महतो
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के संस्थापक प्रधान सचिव पुष्कर महतो ने कहा कि अबुआ सरकार में झारखंड के तमाम रोजी-रोजगार और नौकरियों पर झारखंडियों का पहला अधिकार है। उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों को राजकीय मान-सम्मान और पेंशन पाने का अधिकार है। पुष्कर महतो ने कहा कि सरकार आंदोलनकारियों को उनके संवैधानिक मूल्यों और अधिकारों से वंचित नहीं रख सकती। झारखंड अलग राज्य के लिए आंदोलनकारियों ने संघर्ष किया है। अब वे अपने मान-सम्मान, पेंशन और बाल-बच्चों के लिए रोजगार व नौकरी का अधिकार भी संघर्ष के बल पर हासिल करेंगे।
सरकार हमारी बात सुनेगी तो हम भी उसकी बात सुनेंगे : इजहार राही
मोर्चा के केंद्रीय उपाध्यक्ष इजहार राही ने कहा कि संघर्ष की बुनियाद पर नई इबारत लिखनी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जो सरकार आंदोलनकारियों की बात सुनेगी, आंदोलनकारी भी उसी की बात सुनेंगे। वहीं, महिला नेत्री देवंती भारती ने कहा कि झारखंड अलग राज्य के आंदोलन में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। इसके बावजूद अबुआ सरकार में महिला आंदोलनकारियों को वह सम्मान नहीं मिला, जिसकी वे हकदार हैं। उन्होंने कहा कि इसी वजह से महिला आंदोलनकारियों में नाराजगी है और इसका प्रदर्शन 15 नवंबर को रांची के बिरसा चौक पर देखने को मिलेगा।
बैठक में इन लोगों की रही मौजूदगी
बैठक की अध्यक्षता जिला कार्यकारी अध्यक्ष लट्टू पांडेय ने की, जबकि संचालन सचिव रघुनाथ सिंह ने किया। अनिता मरांडी ने स्वागत भाषण दिया। इस मौके पर ओमप्रकाश महतो, पौलुस हंसदा, हरिहर तुरी, मोहम्मद वसीम अंसारी, मोहम्मद सुलेमान अंसारी, अर्जुन प्रसाद सिंह, जोसेफ मुर्मू, शीतल किस्कू, पूरन किशोर तुरी, बड़ो सरकार, नकुल सिंह, राम टूटी, व्यास मनी और मनोज महथा समेत अन्य आंदोलनकारी मौजूद थे। बैठक के अंत में लाच्छो महतो के आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।



