गढ़वा : झारखंड के गढ़वा जिले में दीपावली की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब जहरीले सांप के डसने से पांच साल की बच्ची की मौत हो गई। घटना कांडी थाना क्षेत्र के भीलमा गांव की है। मृत बच्ची की पहचान उपेंद्र प्रजापति की पुत्री आराध्या कुमारी के रूप में हुई है। गोइठे निकालने के दौरान छिपे हुए कोबरा ने उसे डस लिया था। परिजन उसे इलाज के लिए रेफरल अस्पताल मझिआंव ले गए, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
Read More : जमशेदपुर में पिकअप वैन से टकराई मोपेड, 19 वर्षीय युवक की मौत
गोइठे निकालने के दौरान कोबरा ने डसा
परिजनों के अनुसार, रविवार शाम आराध्या घर के पास बैठी थी। इसी दौरान वह जलावन के लिए रखे गोइठे निकालने लगी। तभी वहां पहले से छिपे कोबरा सांप ने उसके पैर में डस लिया। सांप के डसने के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ने लगी। यह देखकर परिजन घबरा गए और आनन-फानन में उसे रेफरल अस्पताल मझिआंव लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद बच्ची की जान नहीं बच सकी।
इलाज के दौरान मासूम ने तोड़ा दम
रेफरल अस्पताल मझिआंव में चिकित्सकों ने आराध्या को बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पांच साल की बच्ची की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं
आराध्या की मौत के बाद माता-पिता समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में दीपावली की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव के लोग शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं। मासूम की असमय मौत से पूरे भीलमा गांव में शोक की लहर है।



