रांची : छठ महापर्व को लेकर रांची नगर निगम ने शहर के सभी छठ घाटों की तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने गुरुवार को निगम की टीम के साथ जुमार नदी छठ घाट, जेल तालाब और चडरी तालाब का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था, संपर्क पथों और अन्य नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि 11 नवंबर 2026 तक सभी घाटों के शेष कार्य पूरे कर उनका कायाकल्प सुनिश्चित किया जाए। इसके बाद सभी घाटों को अंतिम रूप देकर श्रद्धालुओं के लिए तैयार किया जाए।
Read More : जमशेदपुर में भाजपा की पदयात्रा, संजय सेठ ने राहुल गांधी को दी चुनौती
जुमार नदी छठ घाट पर सफाई और समतलीकरण के निर्देश
वार्ड संख्या 7 स्थित जुमार नदी छठ घाट शहर के सबसे अधिक भीड़भाड़ वाले घाटों में शामिल है। नगर आयुक्त ने यहां नदी के तट और संपर्क पथों की सफाई व्यवस्था मजबूत करने के साथ अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती का निर्देश दिया। उन्होंने जेसीबी मशीनों की मदद से घाट क्षेत्र का समतलीकरण और जलाशय से गाद निकालने का काम जल्द पूरा करने को कहा। स्टोन डस्ट के माध्यम से घाट को समतल बनाने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो और उनके पैरों में कंकड़ आदि न चुभें। निरीक्षण के दौरान श्री श्री छठ पूजा समिति, जुमार नदी के सदस्यों से प्रकाश व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई। समिति ने बताया कि उसके स्तर से करीब 3 किलोमीटर क्षेत्र में अतिरिक्त प्रकाश की व्यवस्था की जाती है। समिति ने जुमार नदी छठ घाट के लिए नगर निगम द्वारा आरक्षित अतिरिक्त लाइटों को जरूरत वाले अन्य घाटों पर उपयोग करने का सुझाव दिया। नगर आयुक्त ने इस पहल की सराहना करते हुए आवश्यकता के अनुसार इन लाइटों को दूसरे घाटों पर लगाने का निर्देश दिया।
जेल तालाब में मूर्ति विसर्जन के लिए स्थल होगा निर्धारित
वार्ड संख्या 18 स्थित जेल तालाब के निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने आगामी काली पूजा में होने वाले मूर्ति विसर्जन को ध्यान में रखते हुए निर्धारित स्थल चिह्नित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विसर्जन के 24 घंटे के भीतर मूर्तियों के अवशेष जलाशय से हटा दिए जाएं। जल की स्वच्छता बनाए रखने के लिए जरूरत के अनुसार फिटकरी और ई-बॉल का उपयोग करने को भी कहा, ताकि छठ महापर्व से पहले श्रद्धालुओं को स्वच्छ घाट मिल सके। नगर आयुक्त ने घाट परिसर में बचे छोटे-मोटे सिविल कार्य जल्द पूरा करने, हाई प्रेशर वाटर गन से सफाई कराने और NCAP के तहत दीवारों पर पेंटिंग कराने का निर्देश दिया। काली पूजा के बाद से छठ महापर्व की समाप्ति तक ट्रेकर स्टैंड MTS परिसर में किसी भी तरह का कूड़ा नहीं जमा होने देने को कहा गया। साथ ही आवागमन मार्ग को साफ-सुथरा और व्यवस्थित रखने का निर्देश दिया।
चडरी तालाब में सुरक्षा के लिए मजबूत बैरिकेडिंग
वार्ड संख्या 18 स्थित चडरी तालाब में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ और पानी की गहराई को देखते हुए नगर आयुक्त ने गहरे पानी वाले हिस्सों में मजबूत बैरिकेडिंग कराने का निर्देश दिया। उन्होंने घाट के सभी प्रवेश बिंदुओं और संपर्क पथों पर खुले नालों को ढकने तथा श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। तालाब परिसर में झुके हुए पेड़ों की डालियों की छंटाई कराने का भी निर्देश दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आवागमन में कोई बाधा न आए।
छठ पूजा समितियों के साथ समन्वय पर जोर
नगर आयुक्त ने निगम की टीम को सभी छठ पूजा समितियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने समितियों की ओर से उठाई गई समस्याओं और सुझावों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सभी घाटों पर चेंजिंग रूम के लिए उपयुक्त स्थान निर्धारित करने, जरूरत के अनुसार अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था करने और बचे हुए सिविल कार्य पूरे करने पर जोर दिया। इसके साथ ही पेंटिंग, मजबूत बैरिकेडिंग और साफ-सफाई समेत सभी जरूरी व्यवस्थाएं तय समय सीमा में पूरी करने का निर्देश दिया।
नगर आयुक्त ने कहा कि छठव्रती स्वच्छ, सुरक्षित और प्रकाशमय वातावरण में भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सकें, यह रांची नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निगम की पूरी टीम प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद, अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, नगर प्रबंधक, जोनल सुपरवाइजर, वार्ड सुपरवाइजर और संबंधित छठ पूजा समितियों के सदस्य उपस्थित थे।



