चांडिल : CM हेमंत सोरेन ने आज यानी मंगलवार को परिजनों के साथ सरायकेला-खरसावां स्थित चांडिल डैम का भ्रमण किया। डैम की प्राकृतिक सुंदरता और शांत परिवेश का आनंद लेने के बाद उन्होंने इसे विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की प्रतिबद्धता दोहराई। CM ने डैम परिसर में सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के साथ विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने डैम के बहुआयामी विकास, पर्यटन संवर्धन, जल प्रबंधन, चांडिल परियोजना के कार्यों में तेजी लाने और बिजली उत्पादन व संवर्धन के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
Read More : खूंटी जल जीवन मिशन में भुगतान अनियमितता का आरोप, जांच की मांग
पर्यटन और स्थानीय रोजगार पर जोर
CM ने कहा कि चांडिल डैम में इको-टूरिज्म की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने पर्यटकों की सुरक्षा, बुनियादी सुविधाओं और नौकायन को अधिक सुव्यवस्थित तथा आधुनिक बनाने के निर्देश दिए। उनके अनुसार, पर्यटन गतिविधियों से स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं।
पर्यावरण-अनुकूल विकास योजना बनाने का निर्देश
CM ने अधिकारियों से चांडिल डैम और आसपास के क्षेत्र के समग्र विकास के लिए दीर्घकालिक और पर्यावरण-अनुकूल ब्लूप्रिंट तैयार करने को कहा। इसका उद्देश्य पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए बिना क्षेत्र का विकास करना है। इस अवसर पर CM की पत्नी और विधायक कल्पना सोरेन, विधायक सविता महतो, विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, कोल्हान के प्रमंडलीय आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम, उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह, चांडिल के एसडीएम नितिन शिवम गुप्ता सहित जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



