रांची : HEC (हैवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन) परिसर स्थित विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कर्मचारियों के बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने की मांग उठी है। एचईसी मजदूर संघ के महामंत्री रमा शंकर प्रसाद ने प्रबंधन से परिसर की जमीन और बुनियादी सुविधाओं पर संचालित सभी विद्यालयों में कर्मचारियों के बच्चों को प्राथमिकता के आधार पर प्रवेश देने की मांग की है।
Read More : छठ से पहले वेतन और 3% डीए देने की मांग, कर्मचारी महासंघ ने सीएम को लिखा
नामांकन में परेशानी का आरोप
रमा शंकर प्रसाद ने कहा कि HEC परिसर के विद्यालय निगम कर्मचारियों के बच्चों को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के उद्देश्य से स्थापित किए गए थे। लेकिन, उनके अनुसार, हाल के समय में नामांकन के दौरान कर्मचारियों और उनके बच्चों को अनावश्यक परेशानियों तथा टालमटोल का सामना करना पड़ रहा है। संघ ने मांग की है कि सत्र 2027-28 के लिए परिसर के सभी विद्यालयों में कर्मचारियों के बच्चों के लिए सीटें प्राथमिकता के आधार पर आरक्षित और सुनिश्चित की जाएं। नामांकन में आनाकानी या मनमानी करने वाले विद्यालयों के खिलाफ HEC प्रबंधन से सख्त प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई की मांग भी की गई है।
कक्षा 11वीं और 12वीं की फीस माफी की मांग
संघ के अनुसार, प्रबंधन ने पहले कर्मचारियों के बच्चों के लिए कक्षा 10वीं तक शिक्षण शुल्क माफ करने का सर्कुलर जारी किया था। लेकिन कुछ विद्यालयों ने कक्षा 11वीं और 12वीं के लिए शुल्क माफी संबंधी सर्कुलर जारी नहीं किया है। संघ ने प्रबंधन से इस विषय पर तत्काल संज्ञान लेकर कक्षा 11वीं और 12वीं के लिए भी शुल्क माफी का सर्कुलर जारी करने की मांग की है, ताकि कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिल सके।
स्कूल प्रबंधन के साथ बैठक कर दिशा-निर्देश जारी करने की मांग
एचईसी मजदूर संघ ने प्रबंधन से परिसर के सभी विद्यालयों के प्रबंधनों और प्राचार्यों के साथ उच्चस्तरीय बैठक बुलाने तथा नामांकन प्रक्रिया शुरू होने से पहले स्पष्ट और पारदर्शी दिशा-निर्देश जारी करने का आग्रह किया है। प्रसाद ने कहा कि HEC की जमीन और संसाधनों का उपयोग करने वाले विद्यालयों में कर्मचारियों के बच्चों के नामांकन में बाधा नहीं आनी चाहिए। संघ ने उम्मीद जताई कि सत्र 2027-28 शुरू होने से पहले प्रबंधन के सकारात्मक फैसले से HEC परिवारों और उनके बच्चों को राहत मिलेगी।



