रांची : छठ महापर्व को लेकर रांची नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए शहर के सभी 72 छठ घाटों और उनके संपर्क पथों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं। अपर नगर आयुक्त संजय कुमार ने सभी छठ घाटों को 8 जोन में बांटकर वरीय पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की है। हर जोन में सहायक नगर आयुक्त, सहायक लोक स्वास्थ्य पदाधिकारी, सैनिटरी इंस्पेक्टर, जोनल सुपरवाइजर और वार्ड सुपरवाइजर को जिम्मेदारी दी गई है। अधिकारी तैयारियों की लगातार निगरानी कर रहे हैं।
Read More : धनतेरस पर झाड़ू खरीदना क्यों माना जाता है शुभ? जानें मान्यता
72 घाटों पर 1200 से अधिक सफाई मित्र तैनात
सभी 72 छठ घाटों और उनके संपर्क पथों की सफाई के लिए 1200 से अधिक सफाई मित्र लगाए गए हैं। घाटों और आसपास के क्षेत्रों में कूड़ा उठाव, झाड़ू, घास की कटाई और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया जा रहा है। श्रद्धालुओं के आने-जाने वाले रास्तों की भी विशेष सफाई की जा रही है।
रोशनी और पेड़ों की छंटाई के लिए विशेष टीमें
घाटों और संपर्क पथों पर पर्याप्त रोशनी के लिए विद्युत शाखा की 25 टीमें तैनात की गई हैं। खराब और बंद स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने के साथ जरूरत के अनुसार प्रकाश व्यवस्था की जा रही है। वहीं, हॉर्टिकल्चर शाखा की 4 टीमें झुके और सूखे पेड़ों तथा उनकी खतरनाक शाखाओं की छंटाई कर रही हैं। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और संभावित दुर्घटनाओं को रोकना है।
गहरे पानी वाले क्षेत्रों में घेराबंदी
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए गहरे पानी वाले क्षेत्रों को चिह्नित किया जा रहा है। इन जगहों पर बांस-बल्लियों और रिबन से घेराबंदी की जा रही है, ताकि लोग गहरे पानी में न जाएं और दुर्घटना की आशंका कम हो। वार्ड संख्या 38 के धुर्वा छोटा डैम में वीड हार्वेस्टिंग मशीन से जलकुंभी और अन्य जलीय खरपतवार हटाए जा रहे हैं। वार्ड संख्या 47 के स्वर्णरेखा घाट, नामकुम में दो पोकलेन मशीनों से गाद निकाली जा रही है। अन्य तालाबों में चार जेसीबी और स्किड लोडर मशीनों की मदद से सफाई और जरूरी काम किए जा रहे हैं।
छठ पूजा समितियों से समन्वय
रांची नगर निगम छठ पूजा समितियों के साथ लगातार समन्वय कर तैयारियों की समीक्षा कर रहा है। समितियों से मिले सुझावों और जरूरतों के अनुसार व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए कार्रवाई की जा रही है। नगर निगम के अनुसार, छठ महापर्व के दौरान घाटों पर स्वच्छता, सुरक्षा और जरूरी नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है, ताकि श्रद्धालु सुविधाजनक वातावरण में भगवान सूर्य को अर्घ्य दे सकें। किसी समस्या, सुझाव या शिकायत के लिए नगर निगम के 24×7 हेल्पलाइन नंबर 1800-570-1235 पर संपर्क किया जा सकता है।



